रायसेन में करणी सेना के जिलाध्यक्ष की हत्या, आपसी झगड़े में गोली मारे जाने की आशंका

पुलिस के मुताबिक़ बीती रात मृतक अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शराब पी रहा था, उसी दौरान आपसी लड़ाई में उसे गोली मार दी गई, हत्या का आरोपी मृतक का रिश्तेदार ही है

Updated: Mar 16, 2021, 11:04 AM IST

photo courtesy: naiduniya
photo courtesy: naiduniya

भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन में करणी सेना के जिला अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मीडिया को पुलिस ने बताया है कि हत्या का आरोप शिवराज के ही एक रिश्तेदार पर लगा है। पुलिस के मुताबिक मृतक और हत्या के आरोपी, दोनों का आपराधिक रिक़ॉर्ड रहा है और दोनों के खिलाफ पुलिस में कई मामले दर्ज हैं। 

पुलिस के मुताबिक शिवराज राजपूत और उसके दोस्त बीती रात शराब पीकर आपस में उलझ पड़े। झगड़ा इतना बढ़ा कि मारपीट तक जा पहुंचा। इसी दौरान शिवराज राजपूत को गोली लगी, जिससे वो बुरी तरह घायल हो गया। रात में ही उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। मंगलवार की सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृतलाल मीणा ने बताया कि हत्या का आरोप जिस शख्स पर लगा है, वह मृतक शिवराज सिंह राजपूत का रिश्तेदार ही है। दोनों के ही खिलाफ थाने में कई आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और क़ार्रवाई की जा रही है। पुलिस को घटना स्थल से शराब की बोतलें और गिलास भी मिले हैं।