इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव, MP को मिला बेस्ट स्टेट का अवार्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की तारीफ

ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर इंदौर में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के बेस्ट स्टेट और इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवार्ड दिया।

Updated: Sep 27, 2023, 03:03 PM IST

इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को इंदौर में आयोजित समारोह में इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022 प्रदान किए। राष्ट्रपति ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के बेस्ट स्टेट और इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवार्ड दिया।

इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एनवायरनमेंट, वाटर, सेनिटेशन सहित अन्य श्रेणियों में पहला स्थान व तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान के लिए अवार्ड मिले। इस तरह इंदौर को कुल सात श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने संबोधन की शुरुआत में सर्वश्रेष्ठ काम के लिए इंदौर की तारीफ की। उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा इंदौर भारत के सबसे स्वच्छ शहर में अपना पहला स्थान भी बनाए हुए है।

राष्ट्रपति ने आगे कहा कि अब तो इंदौर स्मार्ट सिटी में भी नंबर वन है। उन्होंने यहां के अधिकारियों और सभी जन प्रतिनिधियों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहा। साथ ही मध्य प्रदेश को नंबर वन स्टेट का दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड में इंदौर को पहला स्थान मिला। जैसे ही इंदौर की टीम पुरस्कार लेने पहुंची, इंदौर रहेगा नंबर वन के नारे लगे। स्मार्ट सिटी में सूरत को दूसरा स्थान तथा आगरा को तीसरा स्थान मिला। 

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत की परंपरा अतिथि देवो भव: की है। इंदौर हर दौर में आगे रहने का आदि हो गया है। इस शहर में आप सभी का स्वागत है। मेहमान जो हमारा होता है जान से प्यारा होता हैं। स्मार्ट सिटी का सिरमौर है इंदौर। मालवा का चंदन और अभिनंदन है इंदौर। उन्होंने कहा कि इंदौर में कोई पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण का नहीं होता, यहां जो आता है, वो इंदौर का हो जाता है। इंदौर हर किसी को दिल से अपनाता है।