जयस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश धुर्वे की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर

बैतूल के शाहपुर में जयस के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रसिद्ध लोकगीत गायक मुकेश धुर्वे को बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई।

Updated: Aug 16, 2023, 09:11 AM IST

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल से एक बुरी खबर सामने आई है। जयस के प्रदेश उपाध्यक्ष और आदिवासी लोक गायक मुकेश धुर्वे की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना से नाराज जयस कार्यकताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक मुख्यालय में हुआ। यहां पैदल जा रहे मुकेश धुर्वे को बोलेरो ने टक्कर मार दी। उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना में बोलेरो में सवार विवेक शुक्ला और अनूप मालवी भी घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि बोलेरो की तेज रफ्तार के कारण एक्सीडेंट हुआ है। ब्रेकर पर बोलेरो अनियंत्रित हुई और सामने से पैदल आ रहे मुकेश धुर्वे को टक्कर मारकर बोलेरो पेड़ से टकरा गई। घटना में मुकेश धुर्वे की मौके पर मौत हो गई, वहीं विवेक शुक्ला और अनूप मालवी घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही जयस कार्यकर्ता शाहपुर पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए थाने के सामने धरना देकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई. पुलिस अधिकारियों की समझाइश और निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

विधानसभा चुनाव से पहले जयस संगठन के लिए यह बाड़ा झटका माना जा रहा है। मुकेश धुर्वे जयस नेता होने के साथ ही प्रसिद्ध आदिवासी लोकगीत गायक भी थे। उनकी पहचान यूट्यूबर के रूप में भी होती थी। यूट्यूब पर उनके बड़ी संख्या में फॉलोवर हैं। हाल ही में भोपाल में लोकगीत गायकों का कार्यक्रम हुआ था, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुकेश धुर्वे का सम्मान किया था।