वोटिंग से पहले केदारनाथ पहुंचे कमलनाथ, दतिया में मां पीतांबरा के दर्शन करेंगी प्रियंका गांधी

मध्य प्रदेश के तीन विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग कल, बाबा केदारनाथ के दरबार पहुंचे कमलनाथ, प्रियंका गांधी आज आएंगी दतिया

Updated: Oct 29, 2021, 07:59 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

भोपाल। मध्य प्रदेश के तीन विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के लिए कल वोटिंग होंगे। पिछले कई हफ्तों से धुआंधार रैलियों और जनसभाओं को संबोधित करने के बाद आज पीसीसी चीफ कमलनाथ बाबा केदारनाथ के दर्शन करने पहुंचे हैं। कमलनाथ ने यहां बाबा केदारनाथ का अभिषेक किया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने केदारनाथ में कमलनाथ की तस्वीरें साझा कर इस बात की जानकारी दी है। एमपी कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा है कि, 'कमलनाथ जी ने आज उत्तराखंड राज्य के अन्तर्गत हिमालय पर्वत स्थित केदारनाथ धाम जाकर दर्शन-पूजन एवं अभिषेक किया और प्रदेश की ख़ुशहाली की कामना की।' 

उधर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश आ रही हैं। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी दतिया स्थित पीतांबरा पीठ में दर्शन करेंगी। दरअसल, प्रियंका गांधी ललितपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आई हुई हैं। प्रियंका के इस अचानक दतिया दौरे से मध्य प्रदेश में राजनीतिक सुगबुगाहट बढ़ गई है। हालांकि, यह एक निजी दौरा है बावजूद इसके प्रियंका के इस दौरे को उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।