तेंदुए ने सूत मिल कर्मचारी पर किया हमला, खरगोन जिले के सनावद की घटना

हमले में घायल अवंति सूत मिल कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती, तेंदुए को पकड़ने के लिए इंदौर से बुलाई गई वन विभाग की टीम

Updated: Jan 28, 2021, 07:32 AM IST

Photo Courtesy: Aaj tak
Photo Courtesy: Aaj tak

खरगोन। सनावद की अवंति सूत मिल में गुरुवार सुबह एक तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुए ने मिल के एक कर्मचारी को घायल कर दिया। कर्मचारी का नाम कैलाश गणपति है। जिसे गंभीर हालत में खरगोन जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। तेंदुआ फिलहाल सूत मिल के अंदर ही बैठा हुआ है। तेंदुए के हमले से मिल में भगदड़ मच गई। जिसके बाद तेंदुआ मशीन के पीछे छिप गया है। अवंति सूत मिल के मैनेजर से मिली जानकारी के अनुसार तेंदुआ पहली बार सुबह तड़के करीब 4 बजे मिल में घुसा था।

वह मिल कैंपस की पीछे की दीवार फांद कर अंदर आया था। उसका रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय वन विभाग की टीम, पुलिस विभाग और सूत मिल के कर्मचारी तेंदुए का रेस्क्यू करने में जुटे रहे लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इनकी नाकाम कोशिश के बाद अब इंदौर से वन विभाग की टीम को बुलाया गया है। उम्मीद है इंदौर वन विभाग की टीम तेंदुए को काबू कर पाएगी।

मिल के कर्मचारियों की माने तो यह तेंदुआ गुरुवार सुबह करीब 4 बजे परिसर में दिखाई दिया और उसने कर्मचारियों पर छलांग लगा दी। इस बीच कैलाश तेंदुए की चपेट में आ गया। तेंदुए ने कैलाश पर पंजे से वार किया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। किसी कदर जान बचाकर भागा। अब तेंदुआ मिल के पिछले हिस्से के कैरिंग विभाग में घुसा हुआ है। उसकी लंबाई करीब ढाई फीट बताई जा रही है। संभवत: यह तेंदुआ किसी जंगल से भटककर सनावत की अवंति सूत मिल कैंपस में आ पहुंचा होगा। अब इसे पकड़ने के लिए इंदौर से वन विभाग की टीम का इंतजार है।