सुअर के पीछे कुएं में कूदा तेंदुआ, आफत में आई दोनों की जान

शिकार के लिए सुअर के पीछे भाग रहा था तेंदुआ, दोनों ने कुएं में लगा दी छलांग

Updated: Aug 29, 2023, 05:38 PM IST

Image courtesy-  DB
Image courtesy- DB

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन में एक तेंदुआ शिकार करने की जल्दबाजी में अपनी जान पर खेल गया और शिकार के पीछे कुएं में कूद गया। भूखा क्या न करता वाली कहावत तेंदुए ने शिकार के पीछे कुएं में छलांग लगा कर सही साबित कर दी है। पानी में गिरने के बाद भी तेंदुआ सुअर पर हमला करता रहा। 

घटना खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र की है जहां एक तेंदुआ सोमवार रात को सुअर का शिकार करने के लिए उसके पीछे भाग रहा था। अंधेरा होने के कारण सुअर कुएं में जा गिरा। तेंदुआ भी उसके पीछे कुएं में कूद गया। सुबह जब खेत मालिक ने कुएं से तेंदुए की गुर्राने की आवाज सुनी तो घबरा कर आसपास के लोगों को बुलाया। देखते ही देखते कुएं के पास तेंदुए को देखने आए लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

इसके बाद लोगों ने वन विभाग को फोन किया। वन विभाग मौके पर पहुंचे लेकिन उनके पास पर्याप्त संसाधन मौजूद नहीं थे जिस कारण तेंदुए के रेस्क्यू करने में समय लग गया। इसके बाद वन विभाग ने मंडलेश्वर की थैंक यू नेचर वेलफेयर सोसाइटी की टीम की मदद से तेंदुए को बाहर निकाला। 

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें तेंदुआ बार-बार सुअर को पकड़ने का प्रयास कर रहा है। हालांकि तेंदुए बहुत अच्छे तैराक माने जाते हैं लेकिन यहां तेंदुआ पानी में डूबने के डर से कुएं में मोटर रखने वाली लकड़ी के सहारे बैठा है। सुअर भी अपनी जान बचाने के लिए कुएं के कौने में जाकर बैठा है।  वन विभाग ने काफी मशक्कत के बाद दोनों जानवरों को बहार निकाल लिया। सुअर को जंगल में छोड़ने के बाद वन विभाग तेंदुए को अपने साथ रेस्क्यू सेंटर ले गए।

बता दें कसरावद क्षेत्र में आए दिन ग्रामिणों को तेंदुआ दिखता रहता है। इस क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वन विभाग की टीम कई बार खेतों में पिंजरे लगा कर गई लेकिन उन्हें अबतक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पकड़े गए तेंदुए के अलावा भी क्षेत्र में और तेंदुए मौजूद हैं। जिससे ग्रामीणों में डर का महौल है।