गुजरात के तर्ज पर MP में भी हो सत्ता-संगठन में बदलाव, BJP विधायक ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र

सतना जिले की मैहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुसार सत्ता और संगठन में बदलाव करने की मांग की है।

Updated: Dec 12, 2022, 03:22 AM IST

भोपाल। गुजरात में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद अब मध्य प्रदेश बीजेपी में भी गुजरात फॉर्मूला लागू करने की मांग उठने लगी है। बीजेपी के ही एक विधायक ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस बाबत पत्र लिखा है। भाजपा विधायक ने मांग की है कि गुजरात की तरह मध्य प्रदेश में भी एंटीइनकंबेंसी खत्म करने के लिए सत्ता और संगठन में बदलाव की आवश्यकता है।

सतना जिले के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को यह पत्र लिखा है। त्रिपाठी ने डिमांड की है कि मध्य प्रदेश में भी सरकार बनाने गुजरात फॉर्मूले का इस्तेमाल किया जाए। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए त्रिपाठी इस बदलाव को जरुरी बता रहे है। त्रिपाठी का मानना है कि इससे एंटीइनकंबेंसी खत्म करने में मदद मिलेगी। 

नारायण त्रिपाठी ने यह चिट्ठी लिखकर सियासी गलियारों में एक बार फिर से खलबली मचा दी है। दरअसल, राज्य में यदि बीजेपी गुजरात का फॉर्मूला लागू करती तो कई दिग्गजों को घर बैठना पड़ेगा। गुजरात में बीजेपी ने चुनाव पूर्व न सिर्फ मुख्यमंत्री बल्की पूरी कैबिनेट को बदल दिया था। इतना ही नहीं अधिकांश मंत्रियों को इस बार टिकट तक नहीं दिए गए थे। ऐसे में प्रदेश बीजेपी के सीनियर लीडरशिप में इस बात की चिंता जरूर है कि यदि गुजरात का फॉर्मूला लागू किया गया तो उनका क्या होगा?