MP By Election: छतरपुर के बड़ा मलहरा में रामसिया भारती को टिकट मिलने से स्थानीय कांग्रेस नेता नाराज

रामसिया को प्रत्याशी बनाने से स्थानीय कांग्रेस नेता नाराज़, कहा रामसिया को प्रद्युम्न सिंह लोधी की राह जाते नहीं लगेगी देर

Updated: Oct 09, 2020, 09:30 PM IST

 Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

छतरपुर। प्रद्युम्न सिंह लोधी के कांग्रेस छोड़ बीजेपी में जाने से खाली हुई सीट बड़ा मलहरा में उपचुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। यहां से कांग्रेस ने रामसिया भारती को टिकट दिया है। टिकट मिलते ही रामसिया के विरोध में स्वर उठने लगे हैं। यहां टिकट मिलने की आस लगाए बैठे कांग्रेस के स्थानीय नेता आनंद सिंह बुंदेली ने रामसिया का खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया है।

टिकट नहीं मिलने से नाराज आनंद सिंह ने कांग्रेस नेताओं पर स्थानीय नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। आनंद का कहना है कि कांग्रेस ने एक बार फिर बाहरी प्रत्याशी को बड़ा मलहरा से टिकट दिया है। जिससे उपचुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। आनंद सिंह बुंदेला ने दावा किया कि रामसिया भारती भी प्रद्युम्न सिंह लोधी की ही तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि उन्हें भी प्रद्युम्न सिंह की राह पर चलते देर नहीं लगेगी। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी रामसिया ने कहा कि सभी लोग कांग्रेस परिवार के हैं। उन्हें मना लिया जाएगा। 

कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की पारंपरिक सीट बड़ा मलहरा से एक साध्वी रामसिया भारती को मैदान में उतारकर नया दांव चला है। रामसिया भारती भी लोधी समुदाय से आती हैं। ऐसे में इस सीट पर कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। बड़ा मलहरा में लोधी समुदाय का बहुत बड़ा वोट बैंक है। राम सिया भारती की टक्कर कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए प्रद्युम्न सिंह लोधी से होगी। गौरतलब है कि लोध वोट बैंक वाले इस इलाके में उमा भारती सबसे प्रभावशाली नेता मानी जाती हैं। ऐसे में उसी वोट बैंक पर निशाना साधकर कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर देने की रणनीति अपनाई है।