उधार का सिंदूर लेकर सुहागन बनी हुई है शिवराज सरकार, नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार को घेरा

प्रदेश का युवा बेरोजगार घूम रहा है और आत्महत्या करने के लिए मजबूर है, लेकिन कर्ज लेकर उस पैसे को भाजपा सरकार पूरी तरह से बर्बाद करने में लगी हुई है: डॉ गोविंद सिंह

Updated: Feb 23, 2023, 04:22 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आते ही अब राजनीतिक द्वंद शुरू हो गया है। विपक्षी दल कांग्रेस बीजेपी की विकास यात्रा पर हमलावर है। इसी बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि शिवराज सरकार उधार का सिंदूर लेकर सुहागन बनी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने ग्वालियर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा की विकास यात्रा को विनाश यात्रा करार दिया। उन्होंने कहा कि जो सरकार कर्ज में डूबी हुई है वह विकास का फर्जी डंका पीटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा, 'आज प्रदेश का हर व्यक्ति लगभग 45 हजार रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। बावजूद मध्य प्रदेश की सरकार कर्ज पर कर्ज लेती चली जा रही है, जिसे विकास का नाम दिया जा रहा है। सही मायने में तो सरकार उधार का सिंदूर लेकर सुहागन बनी हुई है।'

डॉक्टर गोविंद सिंह ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, 'प्रदेश में घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही और ये विकास का डंका पीट रहे हैं। मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है कि सरकार विपक्ष से सवाल कर रही है। जनता ने भाजपा की 18 वर्षों से चल रही सरकार का काम भी देखा है, और कांग्रेस की 15 महीनों की सरकार का भी काम देखा है। 

यह भी पढ़ें: नया शब्द आ गया है हायर एंड फायर: INTUC के अधिवेशन में दिग्विजय सिंह ने लेबर राइट्स को लेकर जताई चिंता

सिंह ने आगे कहा कि, 'आज प्रदेश का युवा बेरोजगार घूम रहा है और आत्महत्या करने के लिए मजबूर है, लेकिन कर्ज लेकर उस पैसे को भाजपा सरकार पूरी तरह से बर्बाद करने में लगी हुई है।' सिंह ने शिवराज सरकार से पूछा कि जब भाजपा ने विकास किया है तो जनता को बताने की जरूरत क्यों पड़ गई है? उन्होंने कहा, 'जहां जहां विकास यात्रा जाती है वहां भाजपा नेताओं को मुंह की खानी पड़ती है। विकास यात्रा में भी उनकी जिस तरह से दुर्गती हो रही है उससे साफ हो गया है कि जनता भी भाजपा के झूठ को पढ़ चुकी है।'

उन्होंने शिवराज सरकार से पूछा कि आज मध्य प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश, उद्योग धंधों में प्रदेश फिसड्डी क्यों है? इसके साथ ही कुपोषण के मामले में सबसे आगे क्यों बना हुआ है? भाजपा विधायक द्वारा सिंधिया को राम की संज्ञा दिए जाने के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भगवान श्रीराम के वंशज हम बैठे है फिर सिंधिया कहां से राम हो गए। एक अन्य सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वैसे मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं, लेकिन आम जनता के बीच रहता हूं और पूरे प्रदेश मे जाता हूं। जनता की बातचीत से यह पता लगता है कि 2023 में कांग्रेस की सरकार आ रही है।