MP में भारत जोड़ो यात्रा का दसवां दिन, आज आगर में जनसभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

शुक्रवार सुबह राहुल गांधी के साथ महिला जनप्रतिनिधियों ने किया कदमताल, आगर में बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने जा सकते हैं राहुल।

Updated: Dec 02, 2022, 05:38 AM IST

आगर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश में है। राज्य में राहुल गांधी की इस यात्रा का आज 10वां दिन है। यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा वाले रूट पर प्रवेश स्थल से लेकर अंतिम छोर तक फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर लगा रखे हैं। शुक्रवार सुबह यात्रा आगर पहुंची है। 

शुक्रवार सुबह पदयात्रा की शुरूआत उज्जैन जिले के झालरा गांव से हुई। जबकि आगर के तनोडीया गांव में दोपहर का पड़ाव रखा गया। आगर जिले में यात्रा 3 दिन और दो रात रुक कर जिले में 97 किलोमीटर की यात्रा करेगी। यहां से यात्रा कोटा होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। आगर में यात्रा के दौरान राहुल गांधी बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने भी जा सकते हैं। 

शुक्रवार को पदयात्रा में पहली बार पूरे मध्य प्रदेश से 200 महिला जनप्रतिनिधियों को बुलवाया गया है। वे यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रही हैं। शुक्रवार सुबह राहुल गांधी के साथ पैदल चलने वाली महिला जनप्रतिनिधियों में विधायक, पार्षद, पंच, सरपंच समेत अन्य महिला जनप्रतिनिधि शामिल हैं। 

यात्रा को लेकर दिन ब दिन आम नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश के लोग भारत जोड़ो यात्रा के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उज्जैन से यात्रा के दौरान अद्भुत नजारा देखने को मिला। उज्जैन के घोंसला गांव में एक दुल्हन शादी छोड़कर राहुल से मिलने दौड़ी। दूल्हा छूट गया। हालांकि, दुल्हन राहुल के साथ तस्वीर लेने में कामयाब रही। यह उज्जैन ज़िले के घट्टिया से गुजरते हुए शाम की घटना है।

भारत जोड़ो यात्रा के कई रंग देखने को मिल रहे है। इसमें कुछ यात्री ऐसे भी है जो अपने पहनावे और रहन सहन को लेकर आम लोगो का ध्यान खींच रहे है। उज्जैन में यात्रा के दौरान एक व्यक्ति "बेरोजगार भारत के युवाओं" को प्रदर्शित करते हुए ड्रेस में भी दिखा था।