जबलपुर में गोली मारकर 50 वर्षीय महिला की हत्या, पूर्व किरायेदार ने घर में घुसकर मारी गोली

जबलपुर जिले के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित शारदा चौक के कोष्टा मोहल्ला निवासी एक 45 वर्षीय महिला की उसके पुराने किराएदार ने गोली मारकर हत्या कर दी।

Updated: May 16, 2023, 07:24 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश में आपराधिक मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। जबलपुर में सोमवार की रात को एक 50 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला के पूर्व किरायेदार ने ही रात करीब साढ़े आठ बजे घर में घुसकर उसे गोली मार दी।

मामला जबलपुर जिले के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित शारदा चौक के कोष्टा मोहल्ले का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी रामकृष्ण लोधी किसी निजी संस्था में सुरक्षा गार्ड है। कुछ दिनों पहले मृतक महिला सरस्वती बाई से किराए को लेकर उसका विवाद हुआ था। जिसके बाद उसने मकान खाली कर दिया था। फिर सोमवार की रात आरोपी रामकृष्ण लोधी महिला के पास पहुंचा, जहां पहले के किराए को लेकर उससे विवाद करने लगा। 

धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक निकाली और महिला के ऊपर फायर कर दी। गोली लगने से मौके पर ही महिला की मौत हो गई। गढ़ा टीआई राकेश तिवारी ने बताया कि शारदा चौक कोष्टा मोहल्ला में सरस्वती बाई चौबे को पुराना बाड़ा है। उसमें कई किराएदार रहते हैं। इसी बाड़े में पूर्व में तेजगढ़ जिला दमोह का रामकृष्ण लोधी किराए पर रहता था। 

यह भी पढ़ें: नर्मदापुरम से भोपाल जा रही बस पलटी, 25 यात्री घायल, 6 की हालत गंभीर

तिवारी के मुताबिक मकान मालिक से विवाद के चलते वह कुछ समय किसी दूसरी जगह पर रहने लगा था। सोमवार रात साढ़े 8 बजे के करीब वह बाइक लेकर महिला से मिलने उसके बाड़े में घुसा। उसकी आवाज सुनकर महिला ने दरवाजा खोला और वहीं पर दोनों के बीच कहा सुनी होने के लगी। इसी बीच आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से महिला को गोली मार दी।

पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक महिला अपने 25 वर्षीय बेटे के साथ रहती थी। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि वारदात के वक्त महिला का बेटा कहां था। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि मौके से फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के थानों में सूचना दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।