प्रियंका गांधी आज जबलपुर में फूंकेंगी चुनावी बिगुल, सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर पुलिस
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। जबलपुर दौरे के दौरान वे कई घोषणाएं भी कर सकती हैं।

जबलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश के जबलपुर दौरे पर पहुंच रही हैं। यहीं से प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली हैं। विधानसभा चुनाव 2018 में महाकौशल की धरती से राहुल गांधी की सभा के बाद मिली कामयाबी को देखते हुए कांग्रेस ने इस बार भी इसी धरती को श्रीगणेश करने के लिए चुना है।
प्रियंका गांधी के दौरे के बीच सुरक्षा को लेकर पुलिस को खतरे के इनपुट मिले हैं, लिहाजा पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस के मुताबिक प्रियंका गांधी आज लगभग साढ़े तीन घंटे जबलपुर में रहेंगी। इस दौरान सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। वह ग्वारीघाट पर नर्मदा नदी का पूजन करेंगी, उसके बाद रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माला अर्पण करने के बाद शहीद स्मारक पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करने वाली हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "प्रियंका गांधी जबलपुर आ रही हैं, उनको जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। उनकी सुरक्षा को लेकर खतरे के इनपुट मिले हैं, पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है, जिसके चलते विशेष सतर्कता बढ़ा दी गई है।"
ऐसा है शेड्यूल
* प्रियंका गांधी 10:30 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
* सुबह 10:40 बजे ग्वारीघाट में पूजा अर्चना कर मां नर्मदा का आशीर्वाद लेंगी।
* 11:15 बजे शहीद स्मारक गोल बाजार में पहुंचकर आम जनसभा को संबोधित करेंगी।
* दोपहर 1:25 पर प्रियंका गांधी शहीद स्मारक से हेलीपैड ग्वारीघाट पहुंचेंगी।
* यहां हेलीकॉप्टर से डुमना एयरपोर्ट और 1.30 बजे जबलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।