भाजपा याद रखे हमारी चक्की धीरे पीसती है, पर बारीक पीसती है, महिदपुर से गरजे कमलनाथ

धर्म के नाम का सहारा लेकर राजनीति करने वाली भाजपा ने धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया, भाजपा राज में महाकाल लोक घोटाले से उज्जैन ही नहीं मप्र भी देश में कलंकित हुआ: कमलनाथ

Updated: Jun 19, 2023, 03:36 PM IST

महिदपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। पीसीसी चीफ कमलनाथ सोमवार को उज्जैन जिले के महिदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा याद रखे कमलनाथ की चक्की धीरे पीसती है, पर बारीक पीसती है। पूर्व सीएम ने महाकाल लोक घोटाले को लेकर भी राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।

कमलनाथ ने कहा, 'हाल ही में महाकाल कॉरिडोर में इतना बड़ा घोटाला हुआ, उज्जैन ही नहीं मध्य प्रदेश भी पूरे देश में कलंकित हुआ है। धर्म के नाम का सहारा लेकर राजनीति करने वाली भाजपा ने आज धर्म को भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया है। प्रदेश को भ्रष्ट प्रदेश बना दिया। मध्य प्रदेश में 15 वर्षों बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, साढे़ ग्यारह महीने हमारी सरकार को काम करने का मौका मिला और हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। हमने प्रदेश में कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की पहल की और पहली ही किस्त में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, अकेले महिदपुर में 93 हजार किसानों का कर्जा माफ किया, 100 रू में 100 यूनिट बिजली दी, 1000 गौशालाओं का निर्माण कराया, रोजगार के नये अवसर सृजित करने की शुरूआत की लेकिन जनादेश का अपमान कर खरीद-फरोख्त कर धनबल और धोखे से भाजपा ने अपनी सरकार बना ली।'

यह भी पढ़ें: तीन महीने में बीजेपी के कई बड़े नेता कांग्रेस में होंगे शामिल, जीतू पटवारी का बड़ा दावा

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'हमने कभी बड़ी-बड़ी घोषणाओं में विश्वास नहीं किया, हमनें तो हमेशा सोचा कि जो भी हम जनता की भलाई और उनके हित में करेंगे, वह जनता देखेगी और जनता ही लोकतंत्र में असली न्यायाधीश है। शिवराज सिंह की 18 वर्षों की सरकार में 22 हजार घोषणाएं अधूरी हैं। मप्र देश में भ्रष्टाचार में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, SC और ST वर्ग पर अत्याचार में नंबर वन, किसानों पर अत्याचार में नंबर वन है। इसलिए मध्य प्रदेश की जनता अब शिवराज सिंह जी को कुर्सी से उतार विदा करने के लिए तैयार बैठी है। भाजपा याद रखे कमलनाथ की चक्की धीरे पीसती है, पर बारीक पीसती है।'

कमलनाथ ने सीएम चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि, 'शिवराज सिंह चौहान चुनाव आता देखकर साथ में नारियल लेकर चल रहे हैं, घोषणाओं पर घोषणाएं किए जा रहे हैं। यह सच्चाई है कि मैं शिवराज सिंह चौहान को नाचने गाने में नहीं हरा सकता, झूठ बोलने में नहीं हरा सकता, घोषणा करने में नहीं हरा सकता, परंतु सच्चाई में शिवराज सिंह चौहान को हरा सकता हूं।' पीसीसी चीफ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जी को आज 18 वर्षों बाद बहनों की याद आई, नौजवानों की याद आई और कर्मचारियों की याद आई। हर 10-11 महीनें में घोषणा करते हैं कि एक लाख नौजवानों को रोजगार देंगे। मैं तो कहता हूं शिवराज जी पहले जो हजारों की संख्या में रिक्त पद हैं, उन्हें भर दीजिए, पहले हमारे संविदा कर्मचारी, अतिथि शिक्षकों और ठेका श्रमिकों को नियमित कर दीजिए बाद में एक लाख रोजगार की बातें कीजिएगा।'