MP में बुलडोजर पर गरमाई सियासत: सज्जन सिंह वर्मा बोले- घर में ही कोर्ट भी खोल लें शिवराज

कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि 2023 में शिवराज सरकार पर चलेगा जनता का बुलडोजर, शिवराज ने बुलडोजर चलाना भी कमलनाथ से सीखा है

Updated: Mar 24, 2022, 08:15 AM IST

भोपाल। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी शिवराज सरकार ने अपराधियों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। बीजेपी नेताओं ने 'बाबा बुलडोजर' के तर्ज पर सीएम शिवराज सिंह चौहान को 'मामा बुलडोजर' नाम से नवाजा है। इसी बुलडोजर को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री अब तो घर में ही कोर्ट भी खोल लें। धोखा और पैसे से खरीदकर हमारी सरकार गिराई और अब अफसरों से कह रहे हैं अब सरकार मेरी मर्जी से चलेगी। शिवराज बताएं कि बुलडोजर क्यों चलाना पड़ रहा है। आखिर किसके कार्यकाल में ये अपराधी पनपे हैं?

यह भी पढ़ें: इंदौर: रात में BJP नेता के बेटे की हत्या, सुबह-सुबह सात आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर

कांग्रेस नेता वर्मा ने गीता के प्रसिद्ध श्लोक का पैरोडी बनाकर पीएम मोदी और बीजेपी सरकार पर तंज भी कसा है। उन्होंने कहा कि, "यदा यदा ही मोदिश्चय:! मंदी भवति भारता:!! अभियुथनं अंध भक्त! बेरोजगारी युगे युगे!!"

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि 2023 में शिवराज सरकार पर जनता का बुलडोजर चलेगा। मध्य प्रदेश की जनता अपनी वोट रूपी बुलडोजर से शिवराज सरकार को गिराएगी। पटवारी ने कहा कि, 'CM शिवराज ने कमलनाथ से बुलडोजर चलाना सीखा। लेकिन नकल में अक्ल की जरूरत होती है। सरकारी माफियाओं पर बुलडोजर कौन चलाएगा। 12 हजार 730 करोड़ रुपए बिना बिजली लिए बिजली कंपनियों को दिए गए। इस पर बुलडोजर कौन चलाएगा?'

यह भी पढ़ें: IAS नियाज खान को कारण बताओ नोटिस भेजेगी सरकार, नरोत्तम मिश्रा ने मर्यादा लांघने का आरोप लगाया

कांग्रेस की महिला विधायक विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि जहां बुलडोजर की जरूरत है, वहां बुलडोजर चले। बुलडोजर की जरूरत रेत की खदानों में है। महिलाओं के अपराधियों को बुलडोजर से कुचलने की आवश्यकता है। मध्य प्रदेश में पनप रहे दलालों पर बुलडोजर कब चलेगा?