पूरी कैबिनेट को लेकर रामलला के दर्शन करने पहुंचे CM मोहन यादव, विकसित MP के निर्माण की करेंगे प्रार्थना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सपत्नीक सोमवार को अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे हैं। सभी राजाभोज एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए अयोध्या पहुंचे।

Updated: Mar 04, 2024, 04:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार सभी कैबिनेट मंत्री और उनके परिजनों को लेकर अयोध्या पहुंची है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सपत्नीक सोमवार को अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे हैं। सभी राजाभोज एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए अयोध्या पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक की।

CM डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक के बाद कहा, 'मंत्री परिषद की अगली बैठक में मंत्री मंडलीय उप समिति बनाकर धर्मस्व, राजस्व और संस्कृति विभाग को जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित देवस्थानों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय क्षेत्र के देवस्थानों के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग भी इसमें शामिल रहेंगे। सभी विभाग देवस्थानों के विकास के लिए कार्ययोजना बनाकर इनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।'

CM ने कहा, 'राज्य शासन का उद्देश्य है कि मंदिर, देवस्थान के साथ सामाजिक चेतना और समरसता का भी केंद्र बनें। मंदिरों में सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्य संपन्न हों। अयोध्या धाम सहित प्रदेश के अंदर और प्रदेश के बाहर स्थित प्रमुख देवस्थानों में राज्य सरकार द्वारा धर्मशालाएं विकसित करने की दिशा में पहल की जाएगी। दूसरे राज्य की सरकारों को भी मध्यप्रदेश स्थित देवालयों में उनके राज्य की तरफ से धर्मशालाएं विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

और पढ़ें: MP की 24 लोकसभा सीटों पर BJP के उम्मीदवार घोषित, विदिशा से शिवराज और गुना से सिंधिया लड़ेंगे चुनाव

'इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार को उज्जैन में कहा था, 'हमारी मंशा है कि अगर उचित जगह मिल जाएगी तो मध्यप्रदेश से जाने वाले लोगों के लिए मप्र भवन का निर्माण भी अयोध्या में कराया जाएगा। सरयू नदी के किनारे सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर घाट बनाने का काम भी किया जाएगा।'