जबलपुर: कांग्रेस MLA संजय यादव के बेटे ने की खुदकुशी, लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, सुसाइड नोट बरामद

मध्य प्रदेश के बारगी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक संजय यादव के छोटे बेटे विभु यादव ने की खुदकुशी, कनपट्टी पर मारी गोली, मौके से सुसाइड नोट भी बरामद

Updated: Nov 11, 2021, 12:53 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के बारगी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक संजय यादव के बेटे ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि विधायक के 17 वर्षीय बेटे विभु यादव ने खुद को कमरे में बंदकर कनपट्टी पर गोली मार ली। गोली लगने के बाद उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विधायक पुत्र के मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस विधायक संजय यादव का छोटा बेटा विभु यादव गुरुवार को अपने हाथी ताल कॉलोनी स्थित घर पर पर मौजूद था। दोपहर करीब 3 बजे विभु के कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद घरवाले जब दरवाजा तोड़कर कमरे के भीतर गए तो विभु खून से लथपथ मिला और उसके कनपट्टी पर गोली लगी हुई थी। घायल अवस्था में विभु को कटंगा के भंडारी अस्पताल में ले जाया गया जहां थोड़े ही देर में उसकी मौत हो गई। 

भंडारी अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। अस्पताल में विधायक संजय यादव भी मौजूद हैं। साथ ही कांग्रेस विधायक तरुण भनोट भी अस्पताल पहुंचे हैं। अस्पताल में संजय यादव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली कि विभु का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। लेकिन सुसाइड नोट में क्या लिखा है पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। जबलपुर एएसपी रोहित केशवानी ने कहा है कि मामले में केस दर्ज कर नाबालिग बच्चे द्वारा उठाए गए इस कदम के कारणों को पता लगाया जा रहा है।

विभु यादव के निधन पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने दुःख जताया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'मेरे करीबी साथी, विधायक श्री संजय यादव के पुत्र विभु यादव के निधन की बेहद दुखद ख़बर प्राप्त हुई है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।'