देव बरखेड़ी धाम की परिक्रमा करेंगे दिग्विजय सिंह, हजारों श्रद्धालुओं के साथ 11 किमी चलेंगे पैदल

अधिक मास के दौरान ग्राम देव बरखेड़ी में स्थित देवनारायण भगवान व बाबा रामदेवजी के प्रसिद्घ तीर्थ क्षेत्र की परिक्रमा करने की मान्यता है।

Updated: Aug 15, 2023, 11:07 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में स्थित देव बरखेड़ी धाम की परिक्रमा करेंगे। वे यहां हजारों श्रद्धालुओं के साथ 11 किमी पैदल चलेंगे। देव बरखेड़ी धाम में भगवान देवनारायण जी की प्रतिमा है, जिन्हें गुर्जर समाज का प्रथम पूज्य भगवान माना जाता है। 

दरअसल, अधिक मास के दौरान ग्राम देव बरखेड़ी में स्थित देवनारायण भगवान व बाबा रामदेवजी के प्रसिद्घ तीर्थ क्षेत्र की परिक्रमा करने की मान्यता है। अधिक मास के दौरान समूचे मध्य प्रदेश से हजारों श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करने देव बरखेड़ी पहुंचते हैं।

जानकारी के मुताबिक पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भोपाल से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2 बजे बैरसिया के ग्राम देव बरखेड़ी पहुंचकर देवनारायण भगवान की आरती में शामिल होंगे। उसके बाद वे 11 किलोमीटर की पैदल परिक्रमा में शामिल होंगे।

सिंह का यह यात्रा चुनाव के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। दरअसल, देवनारायण भगवान को गुर्जर समाज का प्रथम पूज्य भगवान माना जाता है। बैरसिया विधानसभा के 50 हजार के करीब गुर्जर वोटर हैं। पैदल परिक्रमा के जरिए सिंह गुर्जर वोटों को कांग्रेस के पक्ष में गोलबंद करेंगे। इस यात्रा में प्रदेशभर के गुर्जर समुदाय के लोग शामिल होते हैं। मध्य प्रदेश के करीब एक दर्जन सीटों पर गुर्जर समाज निर्णायक स्थिति में है।