चांदी के कड़े लूटने के लिए वृद्ध महिला के दोनों पैर काट डाले, सिर काटकर अन्य जेवर भी ले गए

मध्य प्रदेश के धार जिले में दिल दहलाने वाली घटना, चांदी के कड़े व अन्य जेवर लूटने के लिए बदमाशों ने निर्दयता की हद पार की, गर्दन और पैर काटकर निकाले जेवर

Updated: Sep 24, 2021, 06:35 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से निर्दयता की हद पार करने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने चांदी के कड़े लूटने के लिए वृद्ध महिला के दोनों पैर काट डाले। इतना ही नहीं हैवानों ने वृद्धा का सिर काटकर अन्य जेवर भी लूट लिया। रूह कंपाने वाली इस घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई है।

मामला धार जिले के ग्राम एकलारा का है। बताया जा रहा है कि 71 वर्षीय वृद्ध महिला रतनबाई खेत पर काम करने गयी थी। खेत पर वो अकेलीं थीं। माना जा रहा है कि इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनके दोनों पैर और गर्दन काट डाले। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: बेटियों को भी संपत्ति में हिस्सा देना चाहता था पिता, बेटे और बहुओं ने किया एसिड अटैक

ग्रामीणों के मुताबिक रतनबाई ने पैरों में चांदी के कड़े और गले में अन्य जेवर पहनी हुईं थीं। जिसे बदमाशों ने बेरहमी से हत्या के बाद लूट लिया। रतनबाई के शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान हैं, जिससे प्रतीत होता है कि जेवर लूटने का उन्होंने विरोध किया होगा।

इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलने पर धार एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने खुद मौके पर जाकर मुआयना किया। सिंह ने कहा कि, 'पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।'