जबलपुर से प्रियंका गांधी का MP में चुनावी शंखनाद, हाथ जोड़कर नर्मदा मैया से मांगा विजयश्री का आशीर्वाद

प्रियंका गांधी जबलपुर के ग्वारीघाट पहुंची जहां वे नर्मदाजी की पूजा कर रही हैं। घाट पर 101 पंडित प्रियंका गांधी से नर्मदा पूजन करा रहे हैं। प्रियंका के नर्मदा विहार के लिए घाट पर एक नाव भी तैयार खड़ी है।

Updated: Jun 12, 2023, 01:29 PM IST

जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज जबलपुर दौरे पर हैं। प्रियंका इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने आई हैं। प्रियंका ने सबसे पहले जबलपुर के ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा पूजन किया। उनके साथ PCC चीफ कमलनाथ, सांसद विवेक तंखा समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

नर्मदाजी की पूजा अर्चना के बाद महाआरती प्रारंभ हुई। प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर नर्मदा मैया से आशीर्वाद मांगा और फिर आरती भी की। नर्मदापूजन के बाद प्रियंका शहीद स्मारक ग्राउंड पहुंचीं, जहां वह सभा को संबोधित करेंगी। यहां पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पहले ही पहुंच चुके थे। सभा के लिए 70 हजार वर्गफीट में पंडाल बनाया है। पार्टी का दावा है कि प्रियंका की सभा में दो लाख लोग आए हैं।

प्रियंका के आगमन को लेकर कांग्रेस ने जबलपुर में तिराहों-चौराहों पर राम भक्त हनुमान की 30-30 फीट की गदा (प्रतीक के तौर पर) लगाई हैं। एक कांग्रेस कार्यकर्ता हनुमान जी के कॉस्ट्यूम में भी पहुंचा और प्रियंका गांधी के साथ महाआरती में शामिल हुआ। पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला है। ASP समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।