MP: असंतुष्टों को मिला क्रिसमस का तोहफा, सिंधिया समर्थक निगम मंडलों में हुए एडजस्ट

सिंधिया समर्थक इमरती देवी बनीं लघु उद्योग निगम को चेयरपर्सन, एंदल सिंह कंसाना को मिला एमपी एग्रो चेयरमैन का पद, विनोद गोटिया बने पर्यटन निगम अध्यक्ष, रघुराज कंसाना को पिछड़ा आयोग वित्त निगम की जिम्मेदारी

Updated: Dec 24, 2021, 02:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी में असंतुष्ट चल रहे नेताओं को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर तोहफा दिया है। दरअसल, निगम मंडलों में नेताओं की नियुक्ति हो गई है। इसमें सिंधिया की चहेती इमरती देवी को लघु उद्योग निगम का चेयरपर्सन बनाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एंदल सिंह कंसाना को एमपी एग्रो का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा रघुराज कंसाना को पिछड़ा आयोग वित्त निगम की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता विनोद गोटिया को पर्यटन निगम में एडजस्ट किया गया है। उधर गिर्राज दंडोतिया को ऊर्जा विकास निगम का चेयरमैन बनाया गया है। 

यह भी पढ़ें: भाजपा नेताओं के माफी मांगने का टाइम खत्म, विवेक तन्खा ने किया मुकदमा ठोकने का एलान

इसके अलावा रणवीर जाटव को हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम से संतोष करना पड़ा है जबकि नेपानगर से पूर्व विधायक मंजू दादू को मंडी बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा दर्जनों नेताओं को निगम मंडलों में एडजस्ट किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर सभी निगम मंडल नेताओं को बधाई दी है।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलुजा ने निगम की सूची को लेकर कहा है कि ईमानदार नेता सिर्फ दरी बिछाने के लिए बचे हैं। सलुजा ने ट्वीट किया, 'भाजपा के जिताऊ और टिकाऊ राह देखते रह गये और हरल्ले और बिकाऊ निगम- मंडल में पद पा गए। ऐसा लगता है कि भाजपा के ईमानदार कार्यकर्ता व नेता अब दरी बिछाने के लिये ही बचे हैं।' 

ये है पूरी लिस्ट

* जीतेंद्र लटोरिया बने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमेन
* राजेंद्र सिंह मोकलपुर को मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त
* पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम का अध्यक्ष रघुराज कंसाना
* अजय यादव को उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम
* राजकुमार कुशवाहा बीज एवं फार्म विकास निगम के उपाध्यक्ष नियुक्त
* जसवंत जाटव राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम अध्यक्ष
* नरेंद्र बिरथरे कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त
* शैलेंद्र शर्मा कौशल विकास और रोजगार निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष
* प्रहलाद भारती पाठ्य पुस्तक निगम उपाध्यक्ष नियुक्त
* आशुतोष तिवारी गृह निर्माण एवं अधोसंरचना निर्माण मंडल के अध्यक्ष
* जयपाल चावड़ा जी को इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष
* अमिता चपरा महिला वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्ष
* निर्मला बारेला अनुसूचित जनजाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष
* सावन सोनकर अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष
* रमेश खटीक अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष
* राजेश अग्रवाल स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन के उपाध्यक्ष