रतलाम भाजपा में बगावत, दर्जनों पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा, डैमेज कंट्रोल में जुटी बीजेपी

विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा में सिर फूटव्वल शुरू, अब रतलाम में इस्तीफों का दौर शुरू, कई दर्जन कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

Updated: Jun 13, 2023, 06:29 PM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश में बीजेपी संगठन ऊपर से लेकर नीचे तक अंतर्कलह से जूझ रही है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्ताधारी दल के लिए गुटबाजी बड़ी चुनौती बन गई है। प्रदेशभर में बगावत झेल रही बीजेपी को अब रतलाम में एक के बाद एक झटका लग रहा है। रतलाम जिले में इस्तीफों का दौर शुरू हो चुका है। जिले के कई दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

दरअसल, कुछ दिनों पूर्व रतलाम के आलोट में दर्जन भर भाजपा पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था। अब रतलाम ग्रामीण के धराड़ मंडल में भी पार्टी पदाधिकारियों ने थोक बंद इस्तीफे सौंपे हैं। वहीं, सैलाना विधानसभा क्षेत्र के रावटी में भी भाजपा में बगावती तेवर दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाराज होकर बगावत का रास्ता अपना रहे हैं। पहले आलोट के दो दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों ने अपना पद त्याग दिया, तो अब रतलाम ग्रामीण के धराड़ मंड़ल के 40 से ज्यादा पार्टी पदाधिकारियों ने पदो से इस्तीफा दे दिया है।

जानकारी के मुताबिक धराड़ मंडल अध्यक्ष आनंदीलाल राठौड़ को पद से हटाए जाने से नाराज 40 भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाराज होकर इस्तीफे दे दिए हैं। इससे पहले आलोट में थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर थाना परिसर में धरना देने वाले भाजपा के पदाधिकारियों को जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लनेरा ने नोटिस थमा दिया। इससे नाराज दर्जनों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि इस्तीफों के बाद बीजेपी अब डैमेज कंट्रोल में जुटी हुई है।

हालांकि भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय इसे सामान्य घटनाक्रम बता रहे हैं। भाजपा जिला महामंत्री का कहना है कि कार्यकाल पूरा होने पर धराड़ मंडल अध्यक्ष को पद से हटाकर जिला कार्य कारिणी मे लिया है। पार्टी में सब ठीक है और सभी कार्यकर्ता बीजेपी का ही काम करेंगे। लेकिन एक के बाद एक अलग अलग विधानसभा में उठ रहे विरोध के सुर भाजपा के लिए चुनावी साल में अच्छा संकेत नहीं दे रहे हैं।