खाद लूट का मुकदमा झेल रहे पूर्व कांग्रेस MLA भाजपा में शामिल, CM मोहन यादव ने दिलाई सदस्यता

सीएम के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। इससे पहले चावला ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी को इस्तीफा भेज दिया था।

Updated: Mar 23, 2024, 06:00 PM IST

रतलाम। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दलबदल का खेल जारी है। कांग्रेस पार्टी के अवसरवादी नेता पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में रतलाम के आलोट से कांग्रेस विधायक रहे मनोज चावला ने आज भाजपा जॉइन कर ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। इससे पहले चावला ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी को इस्तीफा भेज दिया था।

मनोज चावला के भाजपा जॉइन करने के बाद रतलाम के नामली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की। कांग्रेस के पोस्टर में चावला के फोटो पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कालिख पोती। बता दें कि पूर्व विधायक मनोज चावला खाद लूट कांड में मुख्य आरोपी हैं। उनके खिलाफ लूट, डकैती और शासकीय कार्य के बाधा समेत अन्य मामले दर्ज हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद चावला लंबे समय फरार रहे फिर जेल की सजा भी काटी। लूट और डकैती का ये मामला इंदौर के एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। इसमें फैसला जल्द आ सकता है।

दरअसल, यूरिया संकट के बीच 10 नवंबर 2022 को आलोट के नकद बिक्री केंद्र (सरकारी गोदाम) पर सर्वर डाउन होने के कारण पीओएस मशीन बंद थी। ऐसे में किसानों को खाद वितरण नहीं हो पा रहा था, तब तत्कालीन विधायक चावला और पूर्व जिला कांग्रेस योगेंद्र सिंह जादौन समेत कुछ नेता गोदाम पहुंचे। उन्होंने गोदाम का शटर उठाकर किसानों को खाद निकालने का बोला तो कई किसान बिना इंट्री करे खाद ले गए। इस मामले में चावला और जादौन पर लूट, डकैती और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया गया था।