Roshni Bhadauria: कामयाबी को सलाम

MP 10th board topper : रोशनी के संघर्ष को कम करने के लिए नरेश त्रेहान और पंकज मुंजाल भेंट करेंगे इलेक्ट्रिक सायकिल, सांसद Vivek Tankha की पहल

Updated: Aug 02, 2020, 09:25 PM IST

भिंड। एमपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा का रिजल्ट आया तब भिंड जिले की रोशनी भदौरिया चर्चा में आईं। रोशनी भदौरिया ने कठिन परिस्थितियों से लड़कर 10वीं की परीक्षा में 98.5 फीसदी अंक हासिल किए। वह हर रोज 24 किलोमीटर साइकिल चलाकर स्कूल पहुंचती थीं। उसके इस संघर्ष को आसान बनाने के लिए राज्य सभा सांसद विवेक तंखा ने पहल की है। इस पहल से अब रोशनी की सफलता की रफ़्तार मिल जाएगी। 

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा आज भिंड की अजनौल निवासी रोशनी को इलेक्ट्रिक सायकिल भेंट करेंगे। रविवार दोपहर दो बजे के करीब दसवीं की परीक्षाओं में 98 फीसदी से ज़्यादा अंक प्राप्त करने वाली रोशनी भदौरिया को वर्चुअल मीटिंग के जरिए इलेक्ट्रिक सायकिल भेंट की जाएगी। वर्चुअल मीटिंग में मेदांता अस्पताल के मुखिया नरेश त्रेहन और हीरो सायकिल के कर्ताधर्ता पंकज मुंजाल भी उपस्थित रहेंगे। 

भिंड जिले के अजनौल की रहने वाली रोशनी के कठिन परिश्रम की जानकारी मिलने के बाद से ही सांसद तंखा ने रोशनी को इलेक्ट्रिक सायकिल भेंट करने का निर्णय लिया था। इसके लिए तंखा के मित्र डॉक्टर नरेश त्रेहन और  हीरो सायकिल के मुखिया पंकज मुंजाल ने सहयोग का हाथ बढ़ाया। आज रोशनी को हीरो लेक्ट्रो सायकिल भेंट की जाएगी। इसकी बाज़ार में कीमत लगभग 25 हज़ार रुपए है। सायकिल में 250 वॉट की मोटर है। सायकिल की अधिकतम गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा है। रोशनी को भेंट की जाने वाली सायकिल में और भी कई खासियत हैं। सायकिल में स्मार्ट एलईडी कंट्रोलर भी है।

इससे पहले शनिवार को तंखा की ओर से मध्य प्रदेश में प्रतिभाओं को उभारने के लिए जिन लोगों ने अपने अपने विषयों में टॉप किया है उन्हें एक एक लैपटॉप व्यक्तिगत तौर पर उपहार में भेंट किया गया। रोशनी को भी लैपटॉप उपहार में दी गई है।