MP में बड़ा हादसा, पिकनिक मनाने जा रही स्कूली बस पलटी, 15 से अधिक स्टूडेंट्स घायल

इंदौर से 55 बच्चे पिकनिक मनाने जा रहे थे महेश्वर, इसी दौरान जाम गेट के घाट पर असंतुलित होकर बस पलट गई।

Updated: Oct 01, 2023, 05:07 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां महू-मंडलेश्वर मार्ग पर एक स्कूल की बस पलट जाने से 15 से ज्यादा बच्चों के घायल होने की खबर है। इनमें दो-तीन बच्चों को गंभीर चोट आई हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 50 से ज्याया बच्चे बैठे थे। घायल बच्चों को महू के अस्पताल में रेफर किया है, वहीं गंभीर घायल को इंदौर रेफर कर दिया है।

हादसा मंडलेश्वर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इंदौर के नव आदर्श विद्या निकेतन स्कूल के बच्चे बसों में भरकर पिकनिक मनाने महेश्वर जा रहे थे। इस बीच जाम गेट के घाट पर एक बस असंतुलित होकर पलट गई। बस में करीब 55 बच्चे सवार थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ है, वहीं पास में खाई भी है। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी। वरना बड़ा हादसा हो गया।

इस हादसे में 10वीं क्लास के एक बच्चे का हाथ कोहनी से कटकर अलग हो गया है, जिसे इंदौर में रेफर कर दिया है। इस दुर्घटना में घायल बच्चों में से 12 बच्चों को महू के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। हादसे में स्कूल की चार महिला शिक्षक भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज भी सिविल अस्पताल में चल रहा है। गंभीर बच्चों को इंदौर रेफर कर दिया गया है।

चार महिला शिक्षक भी घायल हुई है, जिनका इलाज भी सिविल अस्पताल में चल रहा है। बस में सवार छात्र आदर्श गुर्जर ने मीडिया को बताया कि सभी बच्चे ड्राइवर को धीरे बस चलाने का बोल रहे थे। इतना ही नहीं बस में बैठी शिक्षिकाएं भी कई बार ड्राइवर को मना कर चुकी थी कि बस धीरे चलाओ। उसके बाद भी ड्राइवर नहीं माना। जाम गेट के अंदर मोड़ पर बस पलटी खा गई। आदर्श ने बताया वह तो हम बच गए, वरना बस सीधे खाई में गिर रही थी। हमारे स्कूल के एक बच्चे का हाथ भी ड्राइवर की लापरवाही के चलते कट गया।