निमाड़ क्षेत्र में कांग्रेस की बड़ी सेंधमारी, BSP के दर्जनों नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

MP में बहुजन समाज पार्टी को निमाड क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री सचिन यादव के प्रयास से बीएसपी के दर्जनों नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है।

Updated: Jul 07, 2023, 01:41 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव के पहले मध्य प्रदेश में दलबदल की पॉलिटिक्स तेज होती जा रही है। अब तक सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति थी। भाजपा के एक के बाद एक नेता कांग्रेस ज्वाइन कर रहे थे। अब बसपा नेताओं के भी कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को निमाड़ क्षेत्र के दर्जनों बसपा नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

मध्य प्रदेश में बसपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी और पूर्व प्रदेश महासचिव भगवान बड़ौले के साथ ही कसरावद ब्लॉक अध्यक्ष और विधानसभा प्रभारी मिथुन बगलाना, रामप्रसाद गांगले सहित अन्य 2 दर्जन नेता-कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। भोपाल में पीसीसी चीफ कमलनाथ के आवास पर बसपा नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। 

पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और सचिन यादव के प्रयास से बीएसपी के नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है। माना जा रहा है बीएसपी नेताओं के शामिल होने से निमाड़ क्षेत्र में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।दरअसल, मध्य प्रदेश की सत्ता की चाबी माने जाने वाले मालवा-निमाड़ फतह के लिए कांग्रेस ने विशेष रणनीति तैयार की है। इसी रणनीति के तहत मालवा निमाड़ क्षेत्र के तमाम सीनियर नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराया जा रहा है।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद पूर्व कृषि मंत्री व कसरावद विधायक सचिन यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा, 'बहुजन समाज पार्टी के कई मज़बूत साथी हमारी टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने बीएसपी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली है। पूरे मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की रीति नीतियों से प्रभावित होकर वो आज शामिल हुए हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। यह एक शुरुआत है आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में बहुजन समाज पार्टी के और भी लोग शामिल होंगे। बीएसपी के कई और लोग भी हमारे संपर्क में हैं। उन्हें भी कांग्रेस में शामिल करने की तैयारी है।'

सिंधिया के गढ़ में भी सेंधमारी

उधर सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में भी कांग्रेस ने बड़ी सेंधमारी की है। ग्वालियर नगर निगम में कई बार के पार्षद रहे सिंधिया समर्थक भाजपा नेता राहुल राय और मंजुल राय कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। PCC चीफ कमलनाथ ने भोपाल में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। BJP में सेंधमारी में ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सुनील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र भदौरिया की मुख्य भूमिका बताई जा रही है।