Makar Sankranti 2024: भोपाल में दो दिवसीय काइट फेस्टिवल का शुभारंभ, 3 से 30 फीट तक की पतंगें उड़ीं

जिला प्रशासन के साथ पर्यटन, खेल एवं संस्कृति विभाग ने पहली बार मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में काइट फेस्टिवल की शुरुआत की है। मकर संक्रांति महोत्सव में कल सोमवार को सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो सकते हैं।

Updated: Jan 14, 2024, 04:25 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मकर संक्रांति के मौके पर पहली बार काइट फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है। रविवार से होने वाला यह आयोजन दो दिवसीय होगा। भोपाल के एमवीएम ग्राउंड पर होने वाले इस महोत्सव में सोमवार को सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो सकते हैं। रविवार को आयोजन के पहले दिन गुजरात से आए कलाकारों द्वारा 3 से लेकर 30 फीट तक कि पतंग उड़ाई गई।

दरअसल, भोपाल जिला प्रशासन के साथ पर्यटन, खेल एवं संस्कृति विभाग द्वारा 14-15 जनवरी को एमवीएम ग्राउंड पर मकर संक्रांति महोत्सव मनाया जा रहा है। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मंत्री विश्वास सारंग, सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक भगवानदास सबनानी, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी समेत अन्य लोगों ने सूर्य को अर्ध्य देकर फेस्टिवल शुरू किया। इस मौके पर मंत्री सारंग और कलेक्टर ने पतंगबाजी भी की।

पतंगबाजी के साथ ही लोहड़ी, पोंगल, बिहू जैसे प्रादेशिक त्योहारों के बारे में भी बताया गया। हालांकि, पतंगें ही आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। अलग-अलग कार्टून कैरेक्टर की पतंग उड़ाई जा रही है। वहीं, अयोध्या के राम मंदिर की झलक भी नजर आ रही है। मंदिर की कलाकृति के साथ सेल्फी के लिए अलग से सेल्फी पाइंट बनाया गया है। सितोलिया, सांप-सीढ़ी, गिल्ली-डंडा जैसे स्थानीय खेल भी होंगे।