ईरान पर फिर हमला कर सकता हूं, लेकिन नागरिकों को मारना नहीं चाहता: डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर ईरान पर फिर हमला कर सकता है, लेकिन वह सैन्य कार्रवाई के बजाय बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर हमले की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर ईरान पर फिर हमला कर सकता है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि वे आम नागरिकों को मारना नहीं चाहते हैं। वह सैन्य कार्रवाई की बजाय बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'हम जब चाहें कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन मैं लोगों को मारना नहीं चाहता। अगर समझौता हो जाता है तो बहुत-सी जानें बच जाएंगी।' उन्होंने बताया कि सोमवार से अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थों के जरिए अप्रत्यक्ष बातचीत शुरू होगी।
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वार्ता कहां होगी और इसमें कौन शामिल होगा। उनके मुताबिक, वार्ता में होर्मुज स्ट्रेट और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान और दूसरे पश्चिम एशियाई देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद अमेरिका ने फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित हमला टाल दिया है।
ट्रंप की धमकी पर ईरानी सांसद इब्राहिम रेजाई ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो ईरान सिर्फ खाड़ी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि जहां-जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं, उन्हें निशाना बनाएगा। इधर, भारत सरकार ने 2002 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी विश्वेश नेगी को ईरान में अगला भारतीय राजदूत नियुक्त किया है। वह फिलहाल विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव हैं और जल्द ही तेहरान में कार्यभार संभालेंगे।




