परिसीमन विधेयक पर विपक्ष ने स्टालिन से मांगा साथ, मिलने चेन्नई जाएंगे सोनिया, राहुल और ममता

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन से मिलने आज चेन्नई जाएंगे।

Updated: Nov 29, 2026, 01:55 PM IST

नई दिल्ली। परिसीमन बिल के सपोर्ट का ऐलान कर चुकी DMK और NCP (SP) को कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेता अपने खेमे में लाने की कोशिश में जुटे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन से मिलने आज चेन्नई जाएंगे। स्टालिन से मुलाकात के बाद सभी रात को मुंबई में शरद पवार से भी मिलेंगे।

इसके बारे में जानकारी देते हुए राहुल ने X पर लिखा- हम तमिलनाडु के पूर्व सीएम स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। 850 सीटों तक बढ़ाने से भारत में डेमोक्रेसी खत्म हो जाएगी। इसके जवाब में स्टालिन ने लिखा कि हमने हमेशा तमिल लोगों के हितों को सबसे पहले ध्यान में रखते हुए हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे।

स्टालिन की पार्टी DMK ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बिल के समर्थन का ऐलान किया था। वहीं शुक्रवार को NCP (SP) के विधायक ने कहा था कि शरद पवार बिल के समर्थन को तैयार हैं। स्टालिन और पवार से मुलाकात करने वाले नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अभिषेक बनर्जी (TMC), एम.ए. बेबी (CPM) , रेवंत रेड्डी (कांग्रेस), डीके शिवकुमार (कांग्रेस), वीडी सतीशन (कांग्रेस), राजीव राय (सपा), कपिल सिब्बल और प्रणव झा भी शामिल हैं।

बता दें कि शनिवार सुबह खबर आई थी की शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी, इसके बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं। पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस पर बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी में अंदरूनी चर्चा करने के बाद फैसला लेने की बात कही थी।