बीजेपी के कई दिग्गज नेता हमारे संपर्क में, कांग्रेस MLA जयवर्धन सिंह के बयान से भाजपा खेमे में खलबली

ग्वालियर पहुंचे पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह का बड़ा दावा, कहा- भाजपा के कई दिग्गज नेता हमारे संपर्क में हैं, विधानसभा चुनाव से पहले वे कांग्रेस ज्वाइन करेंगे।

Updated: Jun 07, 2023, 06:00 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस सत्ताधारी दल बीजेपी को एक के बाद एक बड़े झटके दे रही है। पिछले कुछ दिनों में भाजपा के कई कद्दावर नेता कांग्रेस ज्वाइन कर चुके हैं। इसी बीच कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बड़ा दावा किया है। सिंह ने कहा है कि भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। सिंह के इस दावे ने भाजपा खेमे में खलबली मचा दी है।

बुधवार को ग्वालियर पहुंचे पूर्व मंत्री व राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा, "BJP के दिग्गज नेता कांग्रेस के संपर्क है। हम लगातर देख रहे हैं कि बीजेपी के कई बड़े चेहरे कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। भाजपा के कई और दिग्गज नेता हमारे संपर्क में है। जैसे जैसे चुनाव और पास आएंगे और भी भाजपा के बहुत सारे नेता कांग्रेस में शामिल होंगे।"

यह भी पढ़ें: मंदसौर किसान हत्याकांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की, कमलनाथ ने दागे शिवराज सरकार पर सवाल

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "प्रदेश के लोग यही चाहते हैं कि इस बार परिवर्तन हो। बड़ी बात यह है कि जो मूल भाजपा है उनको कुछ लोगों ने घर बैठा दिया है। जिन लोगों ने भाजपा के लिए पिछले कई सालों से निस्वार्थ रूप से काम किया, उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। जिन्होंने अपना पूरा जीवन BJP के लिए समर्पित किया, उन्हें बेइज्जत किया जा रहा है। जो धन बल के आधार पर पैसों से भाजपा में आए हैं उनकी ही चल रही है। इस बात से भाजपा का हर आम कार्यकर्ता दुखी है निराश है। इसका यही परिणाम होगा कि इस बार कांग्रेस एकतरफा जीत दर्ज करेगी।"

जयवर्धन सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा, "जो प्रकोप पहले कांग्रेस में गुटबाजी का था वह आज बीजेपी में फैल गया है। जबकि आज कांग्रेस पूरी तरह से एक है। कांग्रेस का हर एक नेता कमलनाथ जी के पीछे खड़ा हुआ है। जनता ने आज से 5 साल पहले कमलनाथ को मौका दिया था, लेकिन उनके कार्यकाल के 15 महीने बाद ही कुछ लोगों ने रुपयों के लालच और सत्ता के भूख के कारण बीच कार्यकाल में सरकार गिरा दी।"

सिंह ने आगे कहा कि, "भाजपा के पिछले 3 साल के कार्यकाल में जनता का कुछ भी भला नहीं हो पाया है। उल्टा आज मध्य प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान, बुजुर्ग, माता, महिला, व्यापारी सभी परेशान हैं। इतिहास गवाह है कि रामायण हो या महाभारत हो, जिसने भी पाप करके राज करने का प्रयास किया वह कभी सफल नहीं हो पाए हैं।"