भोपाल में जल्द रफ्तार भरेगी मेट्रो, सुभाष नगर डिपो पहुंची पहली ट्रेन, ट्रायल रन की तैयारियां तेज

इंदौर के बाद भोपाल में भी पहली मेट्रो के कोच पहुंच गए हैं। सितंबर के अंत तक भोपाल में मेट्रो का ट्रायल रन संभव है।

Publish: Sep 18, 2023, 03:08 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो के कोच पहुंच गए हैं। सोमवार सुबह पूजा पाठ के बाद इन्हें सुभाष डिपो पर अनलोड किया गया। भोपाल में मेट्रो के तीन कोच पहुंच गए हैं। अब भोपाल में जल्द ही मेट्रो का ट्रायल शुरु होगा। माना जा रहा है 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान भोपाल में कभी भी मेट्रो का ट्रायल किया जा सकता है। वहीं इंदौर में मेट्रो के सेफ्टी रन किए जा चुके हैं। और ट्रायल रन भी जल्द किए जाएंगे। 

भोपाल मेट्रो लेकर ट्रक गुजरात के सांवली से आठ दिन पहले रवाना हुए थे। 850 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मेट्रो के तीन कोच ट्राला के माध्यम से सोमवार सुबह भोपाल पहुंचे। मेट्रो प्रोजेक्ट के डायरेक्टर शोभित टंडन ने इनकी पूजा अर्चना की। इसके बाद तीनों कोच सुभाष डिपो पर अनलोड किए गए। कुछ ही दिनों में सुभाष डिपो पर सेफ्टी रन के बाद इनका ट्रायल रन सुभाष नगर से रानीकमलापति तक ट्रायल किए जाएंगे।

भोपाल में ट्रायल के लिए प्रायोरिटी में कुल आठ स्टेशन हैं। इनमें एम्स हॉस्पिटल, अलकापुरी, DRM ऑफिस, RKMP स्टेशन, सरगम टॉकीज, DB मॉल, केंद्रीय स्कूल और सुभाष नगर स्टेशन शामिल हैं। ट्रायल रन करीब साढ़े तीन किलोमीटर में सुभाष नगर स्टेशन से रानीकमलापति स्टेशन तक किया जाएगा।

भोपाल मेट्रो परियोजना के अंतर्गत भोपाल शहर में दो लाइन, (ओरेंज लाइन तथा ब्लू लाइन) का निर्माण किया जा रहा है। एम्स से करोंद चौराहे तक निर्माणाधीन ऑरेंज लाइन की कुल लम्बाई 16.74 किमी है। इसी लाइन पर मई 2024 से सुभाष नगर से एम्स तक आम लोगों के लिए मेट्रो शुरु होने की संभावना है।