मोदी-शाह की तानाशाही को करारा जवाब देना है, मंदसौर के गरोठ में भाजपा पर बरसे दिग्विजय सिंह

मैं सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करता हूं कि एसबीआई इलेक्ट्रॉनिक बॉन्ड से यह खुलासा हुआ कि जो गाय काटने वाली कंपनी है उसने भाजपा को सबसे बड़ा चंदा दिया: दिग्विजय सिंह

Updated: May 12, 2024, 10:23 AM IST

मंदसौर। लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में मध्य प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर शाम 6 बजे चुनाव प्रचार बंद हो गया। प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रतलाम में तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंदसौर में जनसभा को संबोधित किया। मंदसौर के गरोठ में जनसभा को संबोधित करते दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी-शाह की तानाशाही को करारा जवाब देना है।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप गुर्जर के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस के नेताओं की खरीद फरोख्त कर भाजपा अपना शासन स्थापित कर रही है। सीबीआई-ईडी विपक्षी नेताओं को टारगेट कर जबरन जेल में डाल रही है। जो लोग कांग्रेस और दूसरी पार्टी छोड़कर भाजपा में जा रहे हैं वह वाशिंग मशीन से साफ होते जा रहे हैं।' 

सिंह ने आगे कहा, 'भाजपा की सरकार ने लोकतंत्र को खतरे में डाला है इन्होंने प्रत्याशियों को भी खरीद लिया है और उनको दबाव में लेकर अपना नामांकन वापस करवाया। अब जनता को समझने की आवश्यकता है। मोदी-शाह की तानाशाही को करारा जवाब देना है।' 

पूर्व सीएम ने कहा, 'मैं सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करता हूं कि एसबीआई इलेक्ट्रॉनिक बॉन्ड से यह खुलासा हुआ कि जो गाय काटने वाली कंपनी है उसने सबसे बड़ा चंदा दिया। साथ ही जिस कंपनी का टर्नओवर 100 करोड़ है वह 200 करोड़ के एसबीआई के इलेक्ट्रॉनिक बॉन्ड भाजपा को चंदा दे रही है। इसे शुद्ध रूप से भ्रष्टाचार कहा जा सकता है।'