मुरैना: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो कांवड़ियों की मौत, 10 घायल
घटना के बाद कांवड़ियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया। कांवड़ियों ने हाईवे पर जमकर बवाल मचाया। मौके पर मौजूद अत्यधिक पुलिस जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि ट्रॉली पलट गई और उसमें बैठे दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हो गए।
मरने वालों में सिहौंनिया गांव के छोटू शर्मा व आशू शर्मा हैं। कांवड़िए सोरों से कावंड़ लाने गए थे और आज सोमवार को उन्हें अपने गांव के पास शिव मंदिर में कांवड़ चलाना था। लेकिन उसके पहले यह हादसा हो गया।
मुरैना के सिंहोनिया क्षेत्र में खड़ियाहार के पास गड़िया गांव के 18 लोग कांवड़ लाने के लिए सोरों गए थे। सभी लोग जल भर कर वापस लौट रहे थे। उनके साथी पैदल कांवड़ लेकर चल रहे थे, जबकि बाकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे देवरी गांव के पास ग्वालियर की तरफ से आ रहे टैंकर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।
हादसे में 37 वर्षीय छोटू और 26 वर्षीय आशु शर्मा ट्रॉली के नीचे दब गए। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हाे गई। वहीं, 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कांवड़िए सड़क पर बैठ गए। उन्होंने जाम लगा दिया। उनके साथ आसपास के ग्रामीण आ गए। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। ASP अरविंद ठाकुर मौके पर पहुंचे हैं और उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं।