MP Accident: इंदौर के हातोद में पिता के साथ जा रही है मासूम बच्ची को कार ने रौंदा, हुई मौत

हातोद थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। इसमें एक कार चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए 4 वर्षीय बालिका को रौंदते हुए नजर आया है।

Publish: Feb 21, 2024, 04:24 PM IST

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर की देपालपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले हातोद थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। इसमें एक कार चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए 4 वर्षीय बालिका को रौंदते हुए नजर आया है। इस हादसे में बालिका की मौत हो गई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार हातोद थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को जैनब पुत्री शोएब अपने पिता के साथ जा रही थी। तभी काले रंग की एक कार तेजी से आई और बच्‍ची को टक्कर मारते हुए चली गई।

हादसे में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। उपचार के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्‍ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कार हातोद में रहने वाले महेश नामक व्यक्ति की है। घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस ने कार जब्त कर ली। पुलिस मामले में जांच कर रही है।