MP उपचुनाव: बुधनी से रमाकांत भार्गव होंगे बीजेपी उम्मीदवार, विजयपुर में मंत्री रामनिवास रावत ठोकेंगे ताल
शिवराज सिंह चौहान की परंपरागत सीट बुधनी पर सभी की निगाहें थी। पहले चर्चा थी कि शिवराज अपने बड़े बेटे कार्तिकेय को सियासत में लॉन्च करना चाहते हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होना है। भाजपा ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। बुधनी सीट से भाजपा ने रमाकांत भार्गव को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विजयपुर से रामनिवास रावत को मैदान में उतारा है।
शिवराज सिंह चौहान की परंपरागत सीट बुधनी पर सभी की निगाहें थी। पहले चर्चा थी कि शिवराज अपने बड़े बेटे कार्तिकेय को सियासत में लॉन्च करना चाहते हैं और बुधनी से टिकट दिलाने की जुगत में हैं। हालांकि, भाजपा ने रमाकांत भार्गव पर भरोसा जताया है।
भार्गव विदिशा लोकसभा सीट से सांसद थे। हालांकि, 2024 में उनका टिकट काटकर शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से चुनाव लड़ाया गया था। ऐसे में अब उन्हें बुधनी एडजस्ट किया गया है। भार्गव शिवराज सिंह चौहान के करीबी भी माने जाते हैं।
वहीं, विजयपुर सीट पर भाजपा के टिकट पर मंत्री रामनिवास रावत का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था। 2023 के विधानसभा चुनाव में रामनिवास रावत कांग्रेस के टिकट पर विजयपुर सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
लोकसभा चुनाव के दौरान वे पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके इस्तीफा देने के कारण ही विजयपुर सीट खाली हुई थी। बाद में उन्हें सरकार में मंत्री बनाया गया। लिहाजा ये तय माना जा रहा था कि रामनिवास रावत ही भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने फिलहाल अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है।