MP कांग्रेस जल्द घोषित करेगी नई कार्यकारिणी, संगठनात्मक फेरबदल को लेकर हुई अहम बैठक
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस की नई कार्यकारिणी 10 से 15 दिन में बन जाएगी। इस पर तेजी से काम किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश के अंदर नए जज्बे के साथ मजबूती के साथ जनता की आवाज बनकर उभरेगी।

भोपाल। लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अब संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव करने जा रही है। कांग्रेस राज्य में जल्द ही नई कार्यकारिणी घोषित करने वाली है। इसे लेकर संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी है। प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि नई कार्यकारिणी 10 से 15 दिन में बन जाएगी।
रविवार को भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में संगठनात्मक परिवर्तन को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, डॉ. गोविंद सिंह, सीडब्लूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल समेत पार्टी के तमाम सीनियर नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी 10 से 15 दिन में बन जाएगी। इस पर तेजी से काम किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश के अंदर नए जज्बे के साथ मजबूती के साथ जनता की आवाज बनकर उभरेगी।
प्रदेश प्रभारी ने आगे कहा कि कल पहले चरण के मंथन का कार्यक्रम था। उसमें 13 से 14 घंटे चर्चा हुई है। सभी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों से और एमएलए से बहुत सारे नए आइडिया आए हैं। उन पर किस तरीके से कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 29 की 29 सीट हारने के बाद भीतरघात करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इसका समय होता है।
भंवर जितेंद्र ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विचलित हो चुकी है, एक्सपोज हो चुकी है। वह समय बहुत जल्दी आने वाला है जब उन्हें पूरे देश में हार का सामना करना पड़ेगा। चुनाव में हार के बाद कांग्रेस अब एमपी में संगठनात्मक मजबूती के लिए काम करेगी। इसके लिए शनिवार को दिन भर संभागवार विधानसभा प्रत्याशियों की बैठक कर हार के कारण जानने के बाद आज लोकसभा चुनाव हारे प्रत्याशियों के साथ बैठक हो रही है।