MP Election 2023: भिंड से संजीव कुशवाहा का टिकट कटने पर भड़के BJP कार्यकर्ता, पार्टी नेताओं का पुतला फूंका

Sanjeev Kushwaha: BJP ने मध्य प्रदेश में हुए पटवारी भर्ती स्कैम के परीक्षा केंद्रे के मालिक और भिंड से विधायक संजीव कुशवाह का टिकट काट दिया है।

Updated: Oct 22, 2023, 07:52 PM IST

भिंड। मध्य प्रदेश में भाजपा ने 228 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। शनिवार को पांचवीं लिस्ट आने के बाद भाजपा में एक बार फिर बगावत का सिलसिला शुरू हो गया है। करीब एक दर्जन सीटों पर घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भिंड में भी रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा।

दरअसल, भिंड सीट से भाजपा ने मौजूदा विधायक संजीव कुशवाहा के बजाए नरेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद संजीव कुशवाहा के समर्थक विरोध- प्रदर्शन करने लगे। टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ता संजीव कुशवाहा के घर पहुंचे। इसके बाद वे सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का पुतला लेकर बायपास NH 719 पर पहुंचकर इन पुतलों का दहन किया।

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: पांचवीं सूची के बाद भाजपा में बगावत जारी, भोपाल में उमाशंकर गुप्ता के समर्थकों ने दिया इस्तीफा

नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि, 'भारतीय जनता पार्टी मुखबिरों की पार्टी है। यह जहर देने का काम करती है। हम संजू भईया को निर्दलीय चुनाव लड़ाकर भोपाल पहुचाएंगे।' माना जा रहा है कि भिंड विधानसभा सीट से विधायक संजीव कुशवाहा का टिकट कटने की वजह है मध्य प्रदेश का चर्चित पटवारी भर्ती घोटाला। 

दरअसल, पटवारी भर्ती परीक्षा का जो रिजल्ट जारी हुआ उसमें टॉप 10 टॉपर्स में से 7 टॉपर्स के एक ही परीक्षा केंद्र के थे। वो परीक्षा केंद्र था भिंड जिले का NRI कॉलेज। इस कॉलेज के मालिक वर्तमान में भिंड विधानसभा सीट से विधायक संजीव कुशवाहा हैं। इस परीक्षा में बड़ा घोटाला उजागर होने के बाद रिज्लट और नियुक्ति को होल्ड कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। मामले में नाम सामने आने के कारण भाजपा ने कुशवाहा का टिकट काट दिया।