MP Election 2023: दिग्विजय सिंह के गढ़ में शाह का शक्ति प्रदर्शन, आज राघौगढ़ और चाचौड़ा में रैली करेंगे गृहमंत्री

चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में भाजपा ने झोंकी ताकत, बड़वानी में पीएम मोदी की सभा, गृहमंत्री अमित शाह विदिशा, गुना, दतिया और अशोकनगर जिलों में करेंगे सभा

Updated: Nov 13, 2023, 11:43 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में अब महज चार दिन शेष है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा की ओर से पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह मैदान में हैं। प्रधानमंत्री आज बड़वानी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रैली करेंगे। वहीं, अमित शाह पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के गढ़ में कांग्रेस को चुनौती देंगे।

गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को विदिशा, गुना, अशोकनगर और दतिया चार जिलों में रैलियां करेंगे। अमित शाह सोमवार को दोपहर 12 बजे विदिशा जिले के सिरोंज में बस स्टैंड पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से बीना गंज के मंडी प्रागंण में सभा करेंगे।

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: आज भोपाल में राहुल गांधी का मेगा रोड शो, अशोका गार्डन इलाके में करेंगे नुक्कड़ सभा

चाचौड़ा ही वो विधानसभा सीट है जिससे 1993 में उपचुनाव लड़कर दिग्विजय सिंह ने प्रदेश की कमान संभाली थी। दिग्विजय सिंह के लिए तत्कालीन कांग्रेस विधायक शिवनारायण मीना ने सीट खाली की थी। वर्तमान में दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह यहां से विधायक हैं और कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। यहां भाजपा की पूर्व विधायक ममता मीना आम आदमी पार्टी की टिकट पर मैदान में हैं, वहीं भाजपा ने कांग्रेस से आई प्रियंका मीना को टिकट दिया है।

अमित शाह दोपहर 2.35 बजे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के गृहनगर राघौगढ़ में भारतीय स्टेट बैंक के पास सभा करेंगे। राघौगढ़ विधानसभा सीट से ही सन 1977 में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। यह उनकी परंपरागत सीट है। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह पिछले दो टर्म से राघौगढ़ के विधायक हैं और इस बार भी बतौर कांग्रेस प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा पहले भी दिग्विजय सिंह के इस अभेद दुर्ग को भेदने की तमाम कोशिशें कर चुकी है लेकिन हर बार असफल हुई। यहां तक कि शिवराज सिंह चौहान भी राघौगढ़ से चुनाव लड़कर हार का मुंह देख चुके हैं।

गृहमंत्री अमित शाह शाम चार बजे पड़ोस के ही अशोक नगर जिले की चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के नई सराई के सुरई मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। शाह शाम 5.20 बजे दतिया जाएंगे, जहां मां पीताम्बरा पीठ के दर्शन और पूजा करने के बाद किला चौक पर जन सभा को संबोधित करेंगे। चंदेरी विधानसभा सीट सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां से भाजपा ने जगन्नाथ सिंह रघुवंशी को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस की ओर से गोपाल सिंह चौहान मैदान में हैं।