MP Elections 2023: जिसे पार्टी टिकट देगी उसे जिताएंगे चुनाव, अरुण यादव ने टिकट के दावेदारों को दिलाई शपथ

टिकट के दावेदारों को शपथ दिलाते हुए अरुण यादव ने कहा कि हमारा उम्मीदवार हाथ का पंजा है, न कि कोई व्यक्ति, जिसे पार्टी टिकट देगी उसे जिताने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

Updated: Sep 22, 2023, 09:13 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बस कुछ समय ही बाकी है, ऐसे में कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस का जन आक्रोश यात्रा सात विभिन्न क्षेत्रों में है और सात दिग्गज इसका नेतृत्व कर रहे हैं। अरुण यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा शुक्रवार को छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदला पहुंची।

चंदला में जन आक्रोश यात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने विशाल रैली को संबोधित किया। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब अरुण यादव ने टिकट के सभी दावेदारों को एकसाथ मंच पर बुलाकर एकजुट रहने की शपथ दिलाई। शपथ दिलाते हुए अरुण यादव ने कहा कि हमारा उम्मीदवार हाथ का पंजा है, न कि कोई व्यक्ति, जिसे पार्टी टिकट देगी उसे जिताने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

बता दें कि शुक्रवार को जन आक्रोश यात्रा का चौथा दिन था। अरुण यादव ने यात्रा यात्रा के शुरुआत में पन्ना सर्किट हाउस में अरुण यादव ने पत्रकार साथियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'आज किसान की दुर्गति हो रही है, महिला बेहाल हैं, 18 साल का भ्रष्टाचार इसीलिए जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। कर्नाटक में 40% कमीशन था जनता ने रवाना कर दिया, मप्र में 50 फीसदी के साथ भ्रष्टाचार में पहले नंबर पर है, यहां भी शिवराज सरकार की विदाई हो रही है।'

यादव ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि 18 साल बाद आशीर्वाद यात्रा नहीं उन्हें माफी यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर तक जन आक्रोश यात्राएं मप्र में चलेगी, 230 विधानसभा कवर करेंगे। यादव ने कहा कि UPA सरकार द्वारा दिया गया बुंदेलखंड विशेष पैकेज में भाजपा सरकार द्वारा भारी भ्रष्टाचार किया गया। पहली ही बारिश में बांध बह गए। पन्ना जिले में रेत का बड़ा खेल हो रहा है, सतेंद्र सिंह और सन्तोष नाम की जोड़ी बड़ी फेमस है। आखिर यह लोग कौन हैं?