MP Elections 2023: बसपा ने घोषित की 7 उम्मीदवारों की पहली सूची, रामबाई का नाम शामिल नहीं
विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में ग्वालियर-चंबल और विंध्य की सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। पंकज पटेल को तीसरी बार सेमारिया विधानसभा से टिकट मिली है।

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। बहुजन समाज पार्टी भी प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय होती दिख रही है। बीएसपी ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 7 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। खास बात ये है कि दमोह जिले की पथरिया विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक रामबाई का नाम पहली लिस्ट में नहीं है।
बीएसपी ने पहली लिस्ट में ग्वालियर-चंबल और विंध्य की सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। सतना जिले की रामपुर बघेलान से मणिराज सिंह पटेल, मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट से बलवीर दंडोतिया, निवाड़ी से अवधेश प्रताप सिंह राठौड़, राजनगर विधानसभा सीट से रामराजा पाठक, सतना की रैगांव विधानसभा सीट से देवराज अहिरवार, रीवा की सेमरिया सीट से पंकज सिंह पटेल, रीवा जिले की सिरमौर से विष्णु देव पांडे को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा आम चुनाव 2023 में घोषित उम्मीदवारों की प्रथम सूची जारी की जाती है @PippalRamakant pic.twitter.com/L9QmEMGYN9
— BSP Madhya Pradesh (@BSP4MP_) August 10, 2023
मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट से बलबीर सिंह दंडोतिया को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। 2013 में इस सीट से वे विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के कब्जे में है। रविंद्र सिंह तोमर यहां से विधायक हैं। वहीं, निवाड़ी विधानसभा से अवधेश प्रताप सिंह राठौड़ प्रत्याशी बनाए गए हैं। अवधेश, पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राठौर के चचेरे भाई हैं। उमा भारती के समय भारतीय जनशक्ति पार्टी से भी वे विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अब वे बसपा के टिकट से ताल ठोकेंगे।
राजनगर विधानसभा सीट से पार्टी ने रामराज पाठक को प्रत्याशी घोषित किया है। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के पास है। विक्रम सिंह नातीराजा यहां से विधायक हैं। सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से बसपा ने रिटायर्ड तहसीलदार मणिराज सिंह पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस सीट पर वर्तमान में विक्रम सिंह भाजपा से विधायक हैं। यहां से 2008 और 1993 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी चुनाव जीत चुकी हैं।
रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा सीट से बसपा ने सेवानिवृत्त पुलिस उपअधीक्षक विष्णु देव पांडे को उम्मीदवार बनाया है। वर्तमान में इस सीट से भाजपा के दिव्यराज सिंह विधायक हैं। बता दें कि साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी 230 सीटों में से दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें भिंड से संजीव सिंह कुशवाह और दमोह की पथरिया सीट से रामबाई सिंह परिहार विधायक चुने गए थे। बाद में संजीव सिंह ने पाला बदलकर भाजपा ज्वाइन कर ली। अब एकमात्र विधायक रामबाई फिलहाल बहुजन समाज पार्टी में ही हैं।