MP News: जबलपुर में डबल मर्डर से फैली सनसनी, फ्रिज में बच्चे और सोफे पर मिला रेलवे अधीक्षक का शव, बेटी लापता

जबलपुर में रेलवे कर्मचारी और उसके आठ साल के बेटे की हत्या कर दी गई। रेलवे कर्मी का शव को सोफे पर पड़ा मिला, वहीं 8 साल के बच्चे के शव को फ्रिज में रखा मिला।

Updated: Mar 16, 2024, 12:25 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर की मिलेनियम कॉलोनी में डबल मर्डर ख़बर आ रही है। यहां रेलवे कर्मचारी और उसके आठ साल के बेटे की हत्या कर दी गई। रेलवे कर्मी का शव को सोफे पर पड़ा मिला, वहीं 8 साल के बच्चे के शव को फ्रिज में रखा मिला।

जबकि घटना के दौरान परिवार की 14 साल की बेटी घर से लापता मिली। हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब रेलवे कर्मचारी की लापता बेटी के मोबाइल से रिश्तेदारों को वॉयस मैसेज भेजकर हत्या की जानकारी दी। इसमें किसी मुकुल सिंह नामक युवक के हत्यारा होने की बात कही गई। घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम, पुलिस अधिकारी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस जब घर का दरवाजा तोड़कर घर में पहुंची तो राजकुमार विश्वकर्मा एक कमरे में सोफे पर मृत मिले, वहीं उनके बेटे का शव फ्रिज के अंदर मिला। 

बताया जा रहा है कि पिछले साल सितंबर में राजकुमार पड़ोस में रहने वाले मुकुल सिंह नाम के युवक के खिलाफ बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज मुकुल को गिरफ्तार कर लिया था। कुछ दिन पहले ही मुकुल जमानत पर जेल से आया था। वह राजकुमार और उनके बेटे की हत्या के बाद से गायब है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिविल लाइंस स्थित रेलवे की मिलेनियम कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार विश्वकर्मा रेलवे में कार्यालय अधीक्षक थे। वे यहां 14 साल की बेटी और 8 साल के बेटे के साथ रहते थे। मई 2023 में उनकी पत्नी की बीमारी के चलते देहांत हो गया था। 

बता दें फिलहाल पुलिस राजकुमार की बेटी के साथ संदिग्ध आरोपी मुकुल सिंह की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस को आशंका है मुकुल किसी तरह उनके घर में प्रवेश किया और राजकुमार और उनके बेटे की हत्या कर दी और लड़की को लेकर फरार हो गया।