MP में आज से नाइट कर्फ्यू लागू, सीएम ने किया एलान

सीएम शिवराज ने जनता के नाम अपने संबोधन में प्रदेश भर में नाइट कर्फ्यू लागू करने का एलान किया है

Updated: Dec 23, 2021, 02:31 PM IST

Photo Courtesy: ABP News
Photo Courtesy: ABP News

भोपाल। मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाने का एलान किया गया है। सीएम शिवराज ने खुद जनता के नाम अपने संबोधन में प्रदेश भर में आज से नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। आज रात से ग्यारह बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। आगामी आदेश तक यही व्यवस्था बनी रहेगी। 

मध्य प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण और ओमिक्रोन के खतरे के बीच राज्य सरकार ने प्रदेश में एक बार फिर पाबंदियों को लागू करने का फैसला किया है। पिछले महीने ही सीएम शिवराज ने कोरोना मामलों में आई कमी की हवाला देते हुए तमाम प्रतिबंधों को हटाने का एलान किया था। हालांकि इस एलान के तुरंत बाद ही प्रदेश में कोरोना एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ने लगा। नतीजा यह हुआ कि एक महीने के भीतर मध्य प्रदेश में कोरोना के पांच सौ से अधिक मामले सामने आ गए।

कोरोना की दूसरी लहर में शिवराज सरकार की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण मध्य प्रदेश की देश भर में काफी किरकिरी हुई थी। लोग अस्पताल में बिस्तर और ऑक्सीजन के लिए दर दर भटकते हुए दिखाई दिए थे। दूसरी लहर में मध्य प्रदेश सबसे बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था वाले राज्यों में से एक साबित हुआ था। 

दूसरी तरफ देश के अन्य राज्यों में ओमिक्रोन प्रवेश कर चुका है। मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऐसे में मध्य प्रदेश में भी ओमिक्रोन का खतरा बढ़ गया है। इंदौर में विदेशों से आए 14 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 

देश भर के 16 राज्यों में अब तक ओमिक्रोन वेरिएंट प्रवेश कर चुका है। अब तक देश भर में कम से कम 269 लोगों के ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। आज ही तमिलनाडु में एक साथ ओमिक्रोन के 33 मामले पाए गए हैं।