भोपाल में प्रदेश के पहले जनता फ्रिज की स्थापना, ज्यादा खाना बचे तो इस फ्रिज में रखकर मिटाएं जरूरतमंद की भूख

100 लोगों के लिए खाना रखने की क्षमता, जनता फ्रिज से बिना रोकटोक खाना निकालकर खा सकेंगे गरीब, चूना भट्टी स्थित बुद्ध विहार के पास रखा है फ्रिज, यूथ कांग्रेस समेत कई संगठनों ने बढ़ाया मदद का हाथ, बड़ी मात्रा में दान किया खाने पीने का सामान

Updated: Oct 30, 2021, 11:12 AM IST

भोपाल। कोई गरीब भूखा ना सोए इस मंशा के साथ भोपाल के चूना भट्टी स्थित बुद्ध विहार में जनता फ्रिज की स्थापना की गई है। यह प्रदेश का पहला ऐसा फ्रिज है जो गरीबों की मदद के लिए बनाया गया है। इस फ्रिज को रखने का उद्देश्य है कि शहर में होटलों, सामाजिक कार्यक्रमों, शादी ब्याह और घरों में बड़ी मात्रा में खाना बचता है, जो की बरबाद हो जाता है। लेकिन यह खाना क सी जरूरतमंद तक पहुंच जाए तो उनके काम आ सकता है। अब बुद्ध विहार के पास इस फ्रिज में लोग खाने का सामान रख सकेंगे, जिसे जरूरदमंद लोग खा सकेंगे। ऐसा करने से अन्न का सद्उपयोग होगा, वहीं ऐसे लोग जिन्हें खाना नहीं मिलने की वजह से भूखा सोना पड़ता है उनकी समस्या का समाधान होगा। एक पंथ दो काज की मशां से यह फ्रिज लोगों के बीच काम करने लगा है।

इस विशालकाय फ्रिज को बनाने में करीब एक लाख की लागत आई है। इसे खास तौर पर तैयार करवाया गया है, इसमें एक बार में 100 लोगों के लिए खाना रखा जा सकता है। इस जनता फ्रिज में दानदाता खाने-पीने का सामान, दूध, दही फल, सब्जियां समेत अन्य खाद्य सामग्री रख सकेंगे। जिसे गरीब और जरूरतमंद लोग अपनी सुविधा से यहां से ले जा सकेंगे। वहीं किसी खास आयोजन जैसे जन्मदिन, पुण्यतिथि,श्राद्ध जैसे आयोजनों करने के लिए भी यहां पर दानदाता खाने का सामान लाकर रख सकेंगे। 

इस जनता फ्रिज में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव वीरेंद्र मिश्रा ने अपनी टीम के साथ गरीबों के लिए दूध-बिस्किट समेत बड़ी मात्रा में खाने पीने का सामान दान किया। इस दौरान प्रियंक प्रियंक शाक्यवार, सनी, सुमित गुर्जर भी मौजूद थे। वीरेंद्र मिश्रा ने कहा कि यह जरूरतमंदों की मदद की अनोखी और सार्थक पहल है। इस फ्रिज के माध्यम से जरूरतमंदों को पौष्टिक खाना मिल सकेगा। खाना खराब भी न हो, इसे देखते हुए जनता फ्रिज की सुविधा शुरू की गई है। वहीं शहर के लोगों से अपील की गई है कि इस नेक काम में आगे आएं ताकि शहर में कोई गरीब खाने में अभाव में भूखा ना रहे। इसकी खास बात है कि लोगों द्वारा रखा खाना जरूरतमंद खुद निकाल सकेंगे, इसके लिए कोई चौकीदार नहीं रखा गया है।सुरक्षा के लिए केवल CCTV लगाया गया है।