न पीएम आवास मिला, न लाडली बहना योजना का लाभ, मदद की आस लिए भोपाल पहुंचीं आदिवासी महिलाएं

चुनाव से ठीक पहले अपनी मांगें पूरी करवाने के लिए डबरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में आदिवासी महिलाएं आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने भोपाल आई हैं।

Updated: Oct 05, 2023, 08:09 PM IST

भोपाल। पीएम मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस पर रानी दुर्गावती को इतिहास में याद नहीं करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी जब आदिवासी रानी के सम्मान की बात कर रहे थे तब मदद की आस लिए भोपाल पहुंचीं डबरा की दर्जनों आदिवासी महिलाएं ठोकरें खाने को मजबूर थीं।

आदिवासी महिलाओं ने बताया कि वह डबरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत महाराजपुर, जनपद पंचायत डबरा जिला ग्वालियर के सहरिया दफाई गांव में निवासरत हैं। महिलाओं ने बताया कि आदिवासी/सहरिया वर्ग से हैं, जो परिवार के साथ झोपड़ी में रहने के लिए मजबूर हैं। महिलाओं ने बताया कि उन्हें सरकारी की सभी योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है।

दर्जनों की संख्या मौजूद आदिवासी महिलाएं  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने की आस लेकर भोपाल आई हैं। लेकिन इन महिलाओं को सीएम शिवराज सिंह चौहान से मिलने तो दूर सीएम हाउस के बाहर से ही भागा दिया गया। नतीजतन भूखी प्यासी महिलाएं रवीन्द्र भवन के गेट के पास आकर बैठ गईं।

आदिवासी महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे पीएम आवास योजना का भी उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। महिलाओं ने यह भी बताया कि आज भी परिवार सहित झोपड़ी में रहने के लिए विवश हैं। बारिश के दिनों बरसात का पानी झोपड़ी में भर जाता है, साथ ही घर का सामान भी सब खराब हो जाता है। वहीं, लाडली बहना योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। 

बहरहाल, इन महिलाओं का सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। जब मदद की आस लिए महिलाएं भोपाल में ठोकरें खा रहीं थीं तब पीएम मोदी और सीएम शिवराज जबलपुर में रानी दुर्गावती को सम्मान दिलाने की बात कर रहे थे। इस संबंध में पूछने पर महिलाओं ने कहा कि मदद की आवश्यकता इतिहास को नहीं वर्तमान की है। रानी दुर्गावती के नाम से डाक टिकट जारी कर देने से आज आदिवासी महिलाओं की जीवन नहीं बदल जाएगी।