भोपाल में होली के जश्न के बाद बिगड़ी 25 वर्षीय प्रोफेसर की तबीयत, भांग पीने से मौत की आशंका

भोपाल के ऐशबाग इलाके में होली खेलने के बाद 25 वर्षीय प्रोफेसर कृष्णा नायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोस्तों के साथ भांग पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

Updated: Mar 05, 2026, 09:33 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में होली के जश्न के बाद एक 25 वर्षीय प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ भांग पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद साथी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान ऐशबाग निवासी कृष्णा नायक (25) पुत्र उमेश नायक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को कृष्णा अपने दोस्तों के साथ होली मना रहे थे। इस दौरान उन्होंने रंग खेलने के साथ-साथ भांग भी पी और दोस्तों के साथ काफी देर तक डांस किया था।

कुछ समय बाद उन्हें घबराहट महसूस होने लगी। इसके बाद वे अपने एक दोस्त के कमरे में चले गए जहां वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। जिसके बाद उनके दोस्तों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, कृष्णा ने एक लीटर दूध में भांग की छह गोलियां मिलाकर तैयार की गई भांग पी ली थी। रिश्तेदार बेनी प्रसाद शर्मा ने बताया कि होली के जश्न के दौरान उन्होंने अकेले ही वह पूरी भांग पी ली थी।

कृष्णा नायक ने भोपाल के एक निजी संस्थान से बीटेक की पढ़ाई की थी। वह एक निजी कॉलेज में प्रोफेसर के तौर पर कार्यरत थे और साथ ही एमपी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में छात्रों को पढ़ाते थे।

घटना के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्तों और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।