NIA का भोपाल में 10 ठिकानों पर छापा, महिला सहित 10 से ज्यादा हिरासत में 

 NIA को दिल्ली में दर्ज एक पुराने मामले से जुड़े संदिग्धों के भोपाल में छिपे होने की सूचना मिली थी।

Publish: Aug 06, 2023, 02:41 PM IST

image courtesy- HT
image courtesy- HT

भोपाल। नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रविवार तड़के 4 बजे भोपाल में 10 अलग-अलग जगहों पर दबिश दी है। इस छापामार कार्रवाई के दौरान 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।  इन सभी से NIA के अधिकारियों की पूछताछ जारी है। 

जानकारी के मुताबिक, NIA को दिल्ली में दर्ज एक पुराने मामले से जुड़े संदिग्धों के भोपाल में छिपे होने की सूचना मिली थी। यह इनपुट मामले के एक अन्य आरोपी से हुई पूछताछ में मिला था, जो छत्तीसगढ़ से जुड़ा है। टीम इसी आरोपी को लेकर देर रात भोपाल पहुंची थी।

NIA की टीम ने भोपाल के जहांगीराबाद में छापामार कार्रवाई के दौरान एक महिला समीना और उसके देवर शोएब को भी हिरासत में लिया है। समीना और उसका परिवार यहां किराए से रहता है। मकान एक्टर रजा मुराद के दामाद के छोटे भाई का है। डेढ़ साल से समीना और उसका परिवार यहां किराए से रह रहा है।

बता दें कि इस कार्रवाई में मुजाहिद नाम के शख्स को भी पकड़ा गया है। मुजाहिद, समीना का जीजा बताया जा रहा है। वह भी किराए से रहता है। बताया गया है कि NIA को मुख्य रूप से समीना की ही तलाश थी। उससे भोपाल में ही पूछताछ की जा रही है। समीना के परिवार का कहना है कि उसे कभी संदिग्ध गतिविधियों में नहीं देखा। वह दवाएं बनाने का काम करती थी। इन्हें ऑनलाइन सेल करती थी। NIA उसे क्यों पकड़ा, कोई जानकारी नहीं है।