PM मोदी ने भोपाल से लॉन्च की 5 वंदे भारत ट्रेन, सीएम बोले- भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हो रहा है

PM ने पहले रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरु और गोवा (मडगांव)-मुंबई को वर्चुअली लॉन्च किया। बाद में मध्य प्रदेश की दो वंदे भारत भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर को झंडी दिखाई।

Updated: Jun 27, 2023, 12:31 PM IST

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भोपाल में हैं। पीएम मोदी ने यहां रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश की 5 नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें दो ट्रेन मध्य प्रदेश की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने पहले रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरु और गोवा (मडगांव)-मुंबई को वर्चुअली लॉन्च किया। बाद में मध्य प्रदेश की दो वंदे भारत भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर को झंडी दिखाई। ये दोनों ट्रेन एक साथ रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना हुईं। PM मोदी ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'ये ट्रेनें मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार और झारखंड में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी।

बता दें कि देश में इस समय 18 वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं। पहली वंदे भारत ट्रेन 2019 में नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चलाई गई थी। इसके बाद नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच वंदे भारत ट्रेन चली थी। वंदे भारत ट्रेन पिछले साल गांधीनगर से मुंबई के बीच चलाई गई थी। रेलवे लगातार नए रूट्स पर वंदे भारत ट्रेन चला रहा है।

पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'कुछ देर पहले मुझे देश के 6 राज्यों का जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है। मैं मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं। एमपी को विशेष बधाई दूंगा। यहां एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन मिली हैं। अभी तक यात्री भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत के सफर का आनंद ले रहे थे। अब भोपाल से इंदौर और रानी कमलापति से जबलपुर का सफर तेज, आधुनिक, सुविधा संपन्न होगा।'

इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि, 'हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने भारत में जन्म लिया और ऐसे समय भाजपा कार्यकर्ता हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व कर रहे हैं। मोदी नाम एक मंत्र बन गया है। आज हर देश मोदी मंत्र का उच्चारण कर रहा है। स्वामी विवेकानंद का सपना साकार हो रहा है। भारत विश्व गुरु होगा। 2024 में भी ऐतिहासिक जीत से मोदी जी देश और दुनिया का नेतृत्व करेंगे। स्वामी विवेकानंद जी ने जो कहा था, आज वो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है, भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हो रहा है।'