सोनिया गांधी के लिए दुआओं का दौर, महाकाल मंदिर में शुरू हुआ 10 दिवसीय विशेष अनुष्ठान

महाकाल मंदिर में चल रहे अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर प्रियंका गांधी आ सकती हैं उज्जैन, कोरोना संक्रमित होने के बाद से बीमार हैं सोनिया गांधी, कांग्रेस नेताओं ने शुरु किया महा मृत्युंजय जाप

Updated: Jun 18, 2022, 12:04 PM IST

उज्जैन। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तबियत बिगड़ने के बाद से अस्पताल में ही भर्ती हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेत शनिवार से उज्जैन स्थिति महाकाल मंदिर में भी विशेष अनुष्ठान शुरू किया है। बताया जा रहा है कि 10 दिवसीय अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर प्रियंका गांधी उज्जैन पहुंच सकती हैं।

दरअसल, बीते दिनों सोनिया गांधी कोरोना संक्रमित पाई गईं थी। डॉक्टरों ने उन्हें घर में ही आराम करने की सलाह दी थी। हालांकि, तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई दिन होने के बावजूद फिलहाल वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सकी है। ऐसे में उनके चाहने वालों ने उज्जैन में महामृतुंजय जाप शुरू कर दिया है।

शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल स्थानीय नेता रवि शुक्ला, रघु परमार आदि ने भगवान महाकाल की पूजा अर्चना कराकर महामृत्युंजय अनुष्ठान की शुरुआत कराई। यह विशेष अनुष्ठान 10 दिन तक चलेगा, जिसमें 51 ब्राह्मण सोनिया गांधी के स्वास्थ्य लाभ के लिए महामृत्युंजय जाप करेंगे। अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर प्रियंका गांधी के उज्जैन आकर महाकाल की पूजा अर्चना करने की संभावना है। 

कांग्रेस नेता रवि शुक्ला ने बताया कि सोनिया गांधी के अस्वस्थ होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का संदेश आया था, जिसमें उन्होंने मां के स्वास्थ्य लाभ के लिए महामृत्युंजय जाप की इच्छा जताई थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि कालों के काल बाबा महाकाल से कामना है कि कांग्रेस अध्यक्ष जल्द ही स्वस्थ होकर हमारे बीच आएं। उन्होंने इस दौरान केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि, केंद्र के इशारों पर ईडी राहुल गांधी को जबरन परेशान कर रही है। महाकाल से हम ये भी कामना करते हैं कि प्रधानमंत्री को वे सद्बुद्धि दें और हमारे नेता को इस फर्जी मामले में क्लीनचिट मिले।