विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे राहुल गांधी, देश में सुख-शांति और समृद्धि के लिए बाबा महाकाल से की प्रार्थना

उज्जैन में रोड शो के दौरान राहुल गांधी में कहा कि जो लोग डरते हैं, नफरत उन्हीं के अंदर पैदा होती है। जो निडर होकर मुश्किलों का सामना करते हैं, वे जीवन में कुछ भी कर सकते हैं।

Updated: Mar 05, 2024, 07:20 PM IST

उज्जैन। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश में है। राज्य में यात्रा का आज चौथा दिन है। राहुल गांधी की अगुवाई में यात्रा मंगलवार शाम उज्जैन पहुंची। कांग्रेस नेता ने यहां विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

राहुल गांधी ने उज्जैन में खुली जीप में रोड भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग डरते हैं, नफरत उन्हीं के अंदर पैदा होती है। जो निडर होकर मुश्किलों का सामना करते हैं, वे जीवन में कुछ भी कर सकते हैं। नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना बहुत आसान होता है। जैसे यात्रा के दौरान BJP के कार्यकर्ता झंडा लिए खड़े थे, वे चिल्ला रहे थे। मैं गाड़ी से उतरकर उनसे मिला तो उन्होंने चिल्लाना बंद कर दिया और फिर मुस्कुराना शुरू कर दिया।

इसके पहले शाजापुर में राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा चुनावी यात्रा नहीं रही। ये विचारधारा की यात्रा है। भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ यात्रा है। इस तरह की यात्रा हम करते रहेंगे। चुनाव हम जीतेंगे-हारेंगे, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा से एक नई शक्ति कार्यकर्ताओं और नेताओं में आती है। ये आखिरी यात्रा नहीं है। हम 2024 का लोकसभा चुनाव जीतेंगे और यात्रा निकालेंगे।

वहीं, जीतू पटवारी ने कहा कि लोग आज इस बात को लेकर सड़कों पर आने लगे कि ईवीएम में गड़बड़ है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस लड़ती रहे यही चाहते हैं। कांग्रेस ने संविधान बनाया, उसकी रक्षा के लिए लड़ते रहना पड़ेगा। हम मध्य प्रदेश में लोकसभा में 15 से 20 सीटें ज्यादा जीतेंगे और विपक्ष की भूमिका ईमानदारी से निभाएंगे। भाजपा ने जो वादे चुनाव के पहले किए थे वो पूरे करे। आपसे कहा था पेट्रोल 30 रुपए लीटर मिलेगा, बताओ कहां मिल रहा है।

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने दो गारंटी दी है। एक एमएसपी को कानूनी दर्जा देना। लोकसभा और राज्यसभा में कानून पारित कराना। दूसरा स्वामीनाथन फॉर्मूले पर एमएसपी को लागू करना। ये खेती की लागत के डेढ़ गुना पर होगा।