MP में राहुल गांधी की पहली सभा आज, कालापीपल में जन आक्रोश यात्रा को करेंगे संबोधित

इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती उज्जैन रेप पीड़िता से मिलने जा सकते हैं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शाजापुर में जन आक्रोश यात्रा को सफल बनाने की तैयारियां पूरी, एक लाख लोगों का लगेगा जमावड़ा।

Updated: Sep 30, 2023, 10:04 AM IST

कालापीपल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम से मैदान में है। शनिवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आ रहे हैं। राहुल आज अपने चुनाव अभियान का आगाज शाजापुर जिले के कालापीपल से कर रहे हैं। वे यहां जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करेंगे।

विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की यह पहली सभा है। राहुल गांधी के दौरे के बाद कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान अपने शबाब पर आ जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को मेगा शो बनाने की तैयारी की है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी की सभा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
 
शाजापुर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसान शनिवार तड़के से ही कालापीपल पहुंचने लगे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी सुबह 11.30 बजे शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा के पोलायकला पहुंचेंगे। राहुल गांधी की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण भी जनसभा में शामिल होंगे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शुक्रवार देर रात ही शुजालपुर पहुंच चुके हैं।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी इंदौर से शाजापुर और शाजापुर से कालापीपल विधानसभा के पोलायकला पहुंचेंगे। राहुल गांधी के आगमन की तैयारी शुक्रवार शाम तक पूरी हो चुकी है। यहां दो हेलीपैड और डोम लगाए गए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी बना ने बताया कि डेढ़ लाख वर्ग फीट में टेंट बनाया गया है।

शुक्रवार को शाजापुर पहुंचे कांग्रेस के मप्र प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी का आगमन ऐतिहासिक कदम होगा। यह जनता का जन आक्रोश है। यह जन आक्रोश है पीड़ित किसानों का, यह जन आक्रोश है बिकती नौकरियों का। इसमें इस बार भाजपा सरकार बह जाएगी। इसके लिए राहुल गांधी यहां आ रहे हैं, जो मध्यप्रदेश में बदलाव लेकर आएंगे। वे भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता को राहत दिलाएंगे।

रेप पीड़िता से कर सकते हैं मुलाकात

राहुल गांधी ऐसे समय मध्य प्रदेश आ रहे हैं जब उज्जैन में नाबालिग के साथ दरिंदगी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेप पीड़ित नाबालिग बच्ची का इंदौर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला पीड़िता से मिलने के लिए शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे थे। अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी भी इंदौर में उज्जैन रेप केस की पीड़िता से मिलने के लिए अस्पताल जा सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।