भोपाल में रंगपंचमी की धूम, नगरवासियों के साथ रंग-गुलाल में सराबोर दिखे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
भोपाल में आयोजित फागयात्रा (चल समारोह) में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेशवासियों को दी रंगपंचमी की शुभकामनाएं

भोपाल। पांच दिवसीय होली उत्सव के आखिरी दिन शनिवार को मध्य प्रदेश में उत्साह व उल्लास के साथ रंगपंचमी मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल से लेकर इंदौर तक लोग रंगपंचमी के रंग में रंगे नजर आए। भोपाल में इस अवसर पर आयोजित फागयात्रा (चल समारोह) में कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह फाग यात्रा में रंग-गुलाल की बौछारों से सराबोर नजर आए। नगरवासियों ने सांसद दिग्विजय सिंह पर खूब अबीर-गुलाल उड़ाए।सिंह काफी देर तक इस कार्यक्रम में शामिल रहे। पूर्व सीएम ने इस दौरान देश और प्रदेशवासियों को रंगपंचमी की शुभकामनाएं दी। वहीं, जय श्रीराम के नारे लगा रहे युवकों से कहा कि माता सीता को मत भूलो। इतना सुनते ही युवाओं ने जय सिया राम के नारे लगाने शुरू कर दिए।
#MP #RangPanchmi
— Humsamvet (@humsamvet) March 30, 2024
भोपाल में रंगपंचमी की धूम, फागयात्रा (चल समारोह) में शामिल हुए दिग्विजय सिंह
रंग-गुलाल की बौछारों से सराबोर दिखे पूर्व सीएम, 6 टैंकरों से बरसाया गया रंग@digvijaya_28 @pcsharmainc @INCMP @KKMishraINC pic.twitter.com/uIad6Bv5GV
राजधानी का मुख्य और भव्य आयोजन चौक बाजार पर हुआ। यहां लोग जमा हुए और सुबह 10 बजे गेर की शुरुआत हुई। हुरियारे भूत-पिशाच बनकर गेर में शामिल हुए। सोमवारा में गेर के पहुंचते ही 6 टैंकरों से रंग बरसाया गया। गेर में शिव पार्वती, राधा कृष्ण और ब्रज होली की झांकी खास रही। वहीं, ढोल-ताशे, डीजे, दुल-दुल घोड़ी, ऊंट, घोड़े, फूल गुलाल उड़ाने वाली मशीन भी आकर्षण का केन्द्र थी।
श्री हिंदू उत्सव समिति के चल समारोह संयोजक देवेंद्र सिंह बना ने बताया कि गेर लोहा बाजार, छोटा भैय्या कॉर्नर, जनकपुरी, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंता मन चौराहा, इतवारा चौराहा से होकर जैन मंदिर रोड, मंगलवारा, गणपति चौक, घोड़ा नक्कास होते हुए हनुमान जी की मढ़िया पर समाप्त हुई।